साल 2026 की शुरुआत प्रभास के लिए किसी झटके से कम नहीं रही. बड़े शोर शराबे और 450 करोड़ के भारी भरकम बजट के साथ आई उनकी फिल्म ‘द राजा साब' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. दुनियाभर से करीब 250 करोड़ की कमाई हुई और मेकर्स को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा. फैंस भी हैरान रह गए. लेकिन अब कहानी में ट्विस्ट है. खबर है कि प्रभास इस घाटे की भरपाई करने के मूड में हैं और इसके लिए उन्होंने एक बड़ा वादा भी कर दिया है.
ये भी पढ़ें: पहले 120 करोड़ फिर 105 करोड़ और अब 63 करोड़, यश की टॉक्सिक हर दिन धुरंधर 2 से निकलती जा रही आगे
ऐसे करेंगे नुकसान की भरपाई
रिपोर्ट्स की मानें तो हाल ही में प्रभास और पीपल मीडिया फैक्ट्री के प्रमुख विश्व प्रसाद के बीच एक अहम मीटिंग हुई. इसी मीटिंग में एक नई फिल्म को लेकर बातचीत आगे बढ़ी. कहा जा रहा है कि प्रभास ने उनके साथ एक फिल्म करने का कमिटमेंट किया है और 2027 के मिड से डेट्स देने की प्लानिंग है. सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि ‘द राजा साब' के नुकसान को देखते हुए प्रभास ने अपनी फीस कम करने का वादा किया है. जी हां, खबर है कि वो अगली फिल्म के लिए कम फीस लेने को तैयार हैं. ताकि मेकर्स को हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके. अभी फिल्म के डायरेक्टर का नाम फाइनल नहीं है. लेकिन सही डायरेक्टर की तलाश जारी है. मेकर्स चाहते हैं कि इस बार कोई चूक न हो.
फिल्मों की लाइन, डेट्स का टेंशन
प्रभास के पास इस वक्त प्रोजेक्ट्स की लंबी लिस्ट है. वो फिलहाल हनु राघवपुडी की ‘फौजी' की शूटिंग में बिजी हैं. जिसे इसी साल रिलीज करने की तैयारी है. इसके बाद संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट' पर काम शुरू होगा. जो 2027 में सिनेमाघरों में आ सकती है. उधर ‘कल्कि 2898 AD' के सीक्वल की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है और सेट से आ रही अपडेट्स फैंस का एक्साइटमेंट बढ़ा रही हैं. इन सबके बीच देखना ये है कि प्रभास अपने नए वादे को पूरा करने के लिए कब समय दे पाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं