OTT Release This Week: दिवाली के त्योहार पर घर बैठे मनोरंजन का भरपूर मजा लेने के लिए तैयार हो जाइए. इस हफ्ते ओटीटी पर एक्शन, रोमांस, कॉमेडी और सस्पेंस से भरपूर कई फिल्में ओटीटी पर रिलीज होने जा रही हैं. इस हफ्ते दर्शकों को अलग-अलग भाषाओं और जॉनर की फिल्मों का शानदार कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज होने वाली 8 फिल्मों के बारे में, जिन्हें आप अपनी दिवाली की छुट्टियों में देख सकते हैं.
1. नोटिस
रामायण में भगवान राम और माता सीता के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक बार फिर फिल्म ‘नोटिस' के जरिए दर्शकों के सामने नजर आने वाले हैं. फिल्म का निर्देशन प्रदीप गुप्ता ने किया है, जबकि एपीएस एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी ने इसका निर्माण किया है.
फिल्म में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के साथ ‘पंचायत' फेम पंकज झा भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. सामाजिक मुद्दे पर आधारित इस फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है. ‘नोटिस' 6 नवंबर 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म Waves पर रिलीज होगी.
2. हैवान
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान' भी इस हफ्ते ओटीटी पर दस्तक देने वाली है. सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा रही. दोनों कलाकारों की जोड़ी और उनकी दमदार अदाकारी फिल्म का खास आकर्षण है. जो दर्शक इस फिल्म को थिएटर में नहीं देख पाए थे, उनके लिए अब इसे घर बैठे देखने का मौका है. फिल्म 6 नवंबर को Sony LIV पर स्ट्रीम होने वाली है.
3. आई एम गेम
साउथ सिनेमा के मशहूर एक्टर दुलकर सलमान की एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘आई एम गेम' भी दिवाली वीक में ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. फिल्म में दुलकर सलमान के साथ कयादु लोहार और एंटनी वर्गीस जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. एक्शन और रोमांच से भरपूर इस फिल्म को 6 नवंबर को JioHotstar पर रिलीज किया जाएगा.
4. मीसाया मुरुक्कु 2
तमिल म्यूजिकल ड्रामा फिल्म ‘मीसाया मुरुक्कु 2' भी इस हफ्ते ओटीटी पर दर्शकों का मनोरंजन करेगी. यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है. यह फिल्म ‘मीसाया मुरुक्कु' का सीक्वल है. इसमें हिपहॉप तमिझा आधी, केतिका शर्मा, चैत्रा जे अचार और राम्या रंगनाथन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म 6 नवंबर को Sony LIV पर स्ट्रीम होगी.
5. ब्लाइंड गेम
अगर आपको सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर फिल्में देखना पसंद है, तो ‘ब्लाइंड गेम' आपके लिए एक दिलचस्प विकल्प हो सकती है. फिल्म में अर्जुन रामपाल और प्रियामणि मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर इस फिल्म को 4 नवंबर को ZEE5 पर रिलीज किया जाएगा. इसकी कहानी दर्शकों को आखिर तक बांधे रखने का प्रयास करेगी.
6. दिलवाली दिवाली
दिवाली के मौके पर अगर आप परिवार के साथ कोई फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो ‘दिलवाली दिवाली' आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है. यह एक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसमें मिहिर आहूजा, मनोज पाहवा और नीलू कोहली जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे. परिवार, रिश्तों और भावनाओं से जुड़ी इस फिल्म को 5 नवंबर को Netflix पर रिलीज किया जाएगा.
7. अनकापल्ली
तेलुगु सिनेमा की फिल्म ‘अनकापल्ली' भी इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज होने जा रही है. खगेश तम्मीनेनी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्रम सहीदेव और संध्या मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे. यह एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें दर्शकों को प्यार, रिश्तों और एक्शन का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा. फिल्म 3 नवंबर को Sun NXT पर स्ट्रीम होगी.
8. बालू एंड गीता
रोमांस और कॉमेडी पसंद करने वाले दर्शकों के लिए फिल्म ‘बालू एंड गीता' भी इस सप्ताह रिलीज होने वाली है. प्रताप कोल्लारेड्डी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में संदीप सरोज, केयूरी शाह और रित्विक अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी में रोमांस, कॉमेडी और ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा. ‘बालू एंड गीता' 5 नवंबर को ETV Win पर रिलीज होगी.
यह भी पढ़ें | सैफ अली खान ने सुनाया करीना के साथ पहली बाइक राइड का मजेदार किस्सा, बोले- 'उन्हें बाइक नहीं, शायद मैं पसंद था'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं