विज्ञापन

पांच फोटो, 10 बातें, 15 फिल्में, नूतन बर्थडे स्पेशल

हिंदी सिनेमा की बेहतरीन एक्ट्रेसेज में से एक नूतन की आज यानी कि 4 जून को बर्थ एनिवर्सरी है. इस मौके पर जानिए एक्ट्रेस से जुड़ी 10 बातें.

पांच फोटो, 10 बातें, 15 फिल्में, नूतन बर्थडे स्पेशल
नूतन का जन्म 4 जून 1936 को हुआ था
Social Media
नई दिल्ली:

भारतीय सिनेमा जगत की उन अभिनेत्रियों की बात करें जिन्होंने अपने अभिनय के दम पर दर्शकों के दिलों में जगह बनाई तो नूतन जरूर आएगा. नूतन आज भी बेहतरीन अभिनय और सादगी की पर्याय मानी जाती हैं. 4 जून 1936 को जन्मीं नूतन ने बेहद कम उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर भारतीय सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं. हिंदी सिनेमा की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शामिल नूतन का नाम भारतीय फिल्म इतिहास में हमेशा सम्मान के साथ लिया जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

अपने सहज अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और भावनाओं को पर्दे पर जीवंत करने की अद्भुत क्षमता के कारण उन्होंने दर्शकों और समीक्षकों दोनों का दिल जीता. ‘सुजाता', ‘सीमा', ‘बंदिनी' और ‘मिलन' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी मिसाल माना जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

1- 4 जून 1936 को अभिनेत्री शोभना समर्थ और निर्देशक-कवि कुमार सेन समर्थ के घर जन्मीं नूतन चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं. कला और अभिनय का माहौल उन्हें परिवार से ही मिला था. 2-  उनकी मां शोभना समर्थ अपने दौर की प्रसिद्ध अभिनेत्री थीं और पौराणिक फिल्मों में सीता के किरदार के लिए विशेष रूप से जानी जाती थीं.

मां ने किया फिल्मों में लॉन्च

3- नूतन का फिल्मी सफर बेहद कम उम्र में शुरू हो गया था. साल 1950 में उनकी मां ने फिल्म ‘हमारी बेटी' का निर्माण किया और इसी फिल्म के साथ नूतन ने अभिनय की दुनिया में कदम रखा. 4- डेब्यू के समय उनकी उम्र केवल 14 वर्ष थी. बचपन में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व से लोगों का ध्यान आकर्षित किया और 5- नूतन ने 1952 में मिस इंडिया का खिताब भी अपने नाम किया था.

Latest and Breaking News on NDTV

6- फिल्मी करियर के शुरुआती सालों में नूतन ने कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें वास्तविक पहचान साल 1955 में रिलीज हुई फिल्म ‘सीमा' से मिली. इस फिल्म में उनके दमदार अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा. उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए उन्हें पहला फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिला.

7- साल 1959 में रिलीज हुई ‘सुजाता' उनके करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक साबित हुई. सामाजिक भेदभाव और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित इस फिल्म में उन्होंने एक बेहद चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाई. उनके अभिनय ने किरदार को इतनी गहराई दी कि यह आज भी हिंदी सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है. इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

Latest and Breaking News on NDTV

8- साल 1963 में आई ‘बंदिनी' ने नूतन को अभिनय की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. महिला मन की जटिल भावनाओं को उन्होंने बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारा. इस फिल्म में उनकी अदाकारी को आज भी हिंदी सिनेमा के श्रेष्ठ प्रदर्शनों में शामिल किया जाता है.

अमिताभ बच्चन के साथ यादगार फिल्म

9- गंभीर और भावनात्मक भूमिकाओं के साथ-साथ नूतन ने रोमांटिक और हल्की-फुल्की फिल्मों में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. उन्होंने देव आनंद के साथ ‘पेइंग गेस्ट' और राज कपूर के साथ ‘अनाड़ी' और ‘छलिया' जैसी सफल फिल्मों में काम किया. 10- 1958 में एक फिल्म आई थी, 'सोने की चिड़िया'. इस म्यूजिकल फिल्म में भी नूतन ने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया. दीवान चंद साहब के साथ उनकी फिल्म आई 'तेरे घर के सामने' जो दर्शकों को खूब पसंद आई थी. अमिताभ बच्चन के साथ नूतन की सौदागर एक क्लासिक फिल्म के तौर पर याद की जाती है. माजू बी के किरदार में नूतन की सादगी ने सभी का दिल जीता.

Latest and Breaking News on NDTV

साल 1959 में नूतन ने इंडियन नेवी के कमांडर रजनीश बहल से विवाह किया. शादी के बाद भी उन्होंने अपने अभिनय करियर को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया. 1967 में रिलीज हुई फिल्म ‘मिलन' और 1978 की ‘मैं तुलसी तेरे आंगन की', इन दोनों फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला।.कुल मिलाकर उन्होंने पांच बार यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया, जो उस समय अपने आप में बड़ी उपलब्धि रही.

मुख्य अभिनेत्री के रूप में सफलता पाने के बाद नूतन ने कैरेक्टर किरदारों में भी अपनी छाप छोड़ी. ‘मेरी जंग' और ‘कर्मा' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया. अपने चार दशक लंबे करियर में उन्होंने 70 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें साल 1974 में पद्मश्री से सम्मानित किया. नूतन का निधन 21 फरवरी 1991 को हुआ, लेकिन उनकी फिल्मों और अभिनय की विरासत आज भी जीवित है. उनके बेटे मोहनीश बहल ने भी फिल्म जगत में अपनी पहचान बनाई, जबकि उनकी बहन तनूजा और भांजी काजोल ने भी अभिनय की परंपरा को आगे बढ़ाया.

नूतन की 15 फिल्में

सीमा, पेइंग गेस्ट, दिल्ली का ठक, आखिरी दाव, सोने की चिड़िया, लाइट हाउस, अनाड़ी, कन्हैया, सुजाता, बंदिनी, खानदान, सरस्वतिचंद्र, सौदागर, मैं तुलसी तेरे आंगन की, मेरी जंग नूतन की यादगार फिल्मों में शामिल हैं.
 

यह भी पढ़ें: Peddi Social Media Review: छा गए राम चरण, एक्शन से लेकर इमोशन तक पेद्दी में मिलेगा हर मसाला, पढ़ें सोशल मीडिया रिव्यू

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com