हिंदी सिनेमा की अभिनेत्री नेहा धूपिया पहले मॉडलिंग और ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में नजर आईं, फिर उन्होंने फिल्मों में काम किया और बाद में टीवी और पॉडकास्ट होस्ट के तौर पर भी अलग जगह बनाई. उनका शो 'नो फिल्टर नेहा' भी काफी चर्चा में रहा. इस शो में नेहा ने खुद एक इंटरव्यू में करण जौहर से जुड़ा मजेदार किस्सा सुनाया था. यह किस्सा करण जौहर को शादी के लिए प्रपोज किए जाने से जुड़ा था. नेहा धूपिया का जन्म 27 अगस्त 1980 को केरल के कोच्चि में हुआ था. उनके पिता भारतीय नौसेना में अधिकारी थे, इसलिए बचपन में परिवार को अलग-अलग जगहों पर रहना पड़ा. बाद में नेहा दिल्ली में पली-बढ़ीं.
अभिनय की दुनिया में आने से पहले उन्होंने मॉडलिंग की और स्टेज पर भी काम किया. वह विज्ञापनों और म्यूजिक वीडियो में भी दिखाई दीं. नेहा को बड़ी पहचान साल 2002 में मिली, जब उन्होंने फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीता. इसके बाद, उन्होंने मिस यूनिवर्स 2002 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और प्रतियोगिता में टॉप 10 में जगह बनाई. यह उनके करियर का बड़ा मोड़ था. इस जीत के बाद फिल्मों के दरवाजे उनके लिए खुलने लगे.
फिल्मों में नेहा ने हिंदी के साथ दूसरी भाषाओं में भी काम किया. साल 2003 में 'कयामत: सिटी अंडर थ्रेट' से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनानी शुरू की. इसके बाद 2004 में आई 'जूली' ने उन्हें काफी चर्चा दिलाई. फिर 'क्या कूल हैं हम', 'चुप चुप के', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'सिंह इज किंग' जैसी फिल्मों में वह अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आईं. उन्होंने 'हिंदी मीडियम', 'तुम्हारी सुलु', 'लस्ट स्टोरीज' और 'ए थर्सडे' जैसी फिल्मों में भी काम किया.
लेकिन, नेहा ने खुद को सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रखा. वह टेलीविजन पर भी सक्रिय रहीं और 'रोडीज' जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो से जुड़ीं. इसके अलावा, उन्होंने 'स्टाइल्ड बाय नेहा' जैसे शो को भी होस्ट किया. उनकी सबसे अलग पहचान 'नो फिल्टर नेहा' से बनी, जिसमें वह फिल्मी सितारों से उनकी निजी जिंदगी, पसंद और अनुभवों पर खुलकर बातचीत करती थीं.
इसी शो के दौरान करण जौहर से जुड़ा वह मजेदार किस्सा सामने आया. नेहा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने करण जौहर को अलग-अलग जगहों पर तीन बार मजाक में शादी के लिए प्रपोज किया था, लेकिन करण ने हर बार उनका प्रपोजल ठुकरा दिया. उन्होंने बताया कि करण ने उन्हें मना करने की कई वजहें बताईं. इनमें एक वजह ऐसी भी थी, जिसे सुनकर खुद उनको हंसी आ गई थी. नेहा ने कहा, ''करण ने मेरे प्रपोजल को रिजेक्ट करने की वजह में बताया था कि उन्हें मेरी बॉडी अट्रैक्टिव नहीं लगती.''
करण के साथ नेहा ने उनके निर्देशन में बनी 'लस्ट स्टोरीज' में काम किया था. उन्होंने 'ऐ दिल है मुश्किल' में एक रिपोर्टर के किरदार के लिए अपनी आवाज भी दी थी. नेहा ने बाद में बताया कि उन्होंने करण को अपने पॉडकास्ट के लिए कई बार फोन किया था और उनकी आवाज इतनी बार सुनकर करण ने उन्हें उस वॉयस रोल के लिए बुला लिया था. निजी जिंदगी की बात करें, तो 10 मई 2018 को नेहा ने अभिनेता अंगद बेदी से शादी की. दोनों ने दिल्ली में निजी समारोह में शादी की थी.
यह भी पढ़ें: कुमार सानू के 10 सुपरहिट गाने, सबकी प्लेलिस्ट में होता है शामिल, नंबर 5 ने मचा दी थी धूम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं