मोहम्मद रफी बॉलीवुड के वो सिंगर हैं, जिनके सदाबहार गाने आज भी फैंस के दिलों में छाए हुए हैं. उन्होंने लिखे जो खत तुझे, ये चांद सा रोशन चेहरा, आज मौसम बड़ा बेइमान है और क्या हुआ तेरा वादा जैसे गानों से उन्होंने रोमांस को एक नई परिभाषा दी. लेकिन आपको उनका वो गाना पता है, जो 7 मिनट का था और आशिकों के टूटे दिलों का दर्द बयां करता है. इस गाने को राज कुमार के ऊपर फिल्माया गया था. वहीं 57 साल पहले सुपरहिट साबित हुआ था. हम बात कर रहे हैं ये दुनिया ये महफिल मेरे काम की नहीं गाने की, जो आज भी काफी पॉपुलर है.
1970 में आया था ये दुनिया ये महफिल गाना
हीर रांझा बॉलीवुड की हिट फिल्मों में से एक है, जो 1970 में रिलीज हुई थी, जिसमें ये दुनिया ये महफिल गाना मोहम्मद रफी ने गाया था. यह 4 या 5 मिनट का नहीं बल्कि 7 मिनट का था, जिसके चार अंतरे थे. इस गाने को मदन मोहन ने कंपोज किया था. वहीं उस दौर का यह पॉपुलर गाना था. मदन मोहन ने एक इंटरव्यू में कहा था "मुझे हमेशा से पता था कि राज कुमार के लिए मोहम्मद रफी साहब ही सबसे सही पसंद थे. मैंने फिल्म रिलीज से लगभग 10 साल पहले ही इसका संगीत तैयार कर लिया था और बिना किसी हिचकिचाहट के तय किया कि हीरो के लिए रफी साहब ही गाएंगे. लेकिन मुझे अपने संगीत में एक उदास मूड लाना था क्योंकि इसे रांझा पर फिल्माया जाना था. यह मूड फिल्म के बाकी सभी मूड पर भारी पड़ता था, क्योंकि रांझा का टूटा हुआ प्यार उसके घुमक्कड़ स्वभाव को और गहरा बनाता था, जिसे राज कुमार को पर्दे पर दिखाना था."

ये भी पढ़ें- पंचायत के सिर से नंबर वन का ताज हिलाने आया टीवीएफ का नया शो, 5 दिनों में ही 7 मिलियन लोगों ने देखा
कई बार रिकॉर्ड हुआ था गाना
कहा जाता है कि इस गाने को कई बार रिकॉर्ड किया गया था क्योंकि मदन मोहन रिकॉर्डिंग से संतुष्ट नहीं थे. वह परफेक्शन चाहते थे, जो हो नहीं पाया. इसके कारण रफी साहब ने कई बार बार रिकॉर्डिंग की, जिसके चलते वह थक गए. हालांकि बावजूद इसके वह बार बार रिकॉर्डिंग के लिए राजी हुए. वहीं जब यह गाना रिलीज हुआ तो दर्शकों ने इसे खूब प्यार दिया.
राज कुमार पर फिल्माया गया गाना
राज कुमार अपने दौर के सुपरस्टार रहे हैं, जिन्होंने मदर इंडिया, पाकीजा, वक्त, लाल पत्थर, दिल अपना और प्रीत पराई, काजल, दिल एक मंदिर और घराना जैसी फिल्मों में काम किया. लेकिन हीर रांझा में उनका अलग अंदाज देखने को मिला, जो आशिक का था. ये दुनिया ये महफिल गाने के बोल महान शायर कैफी आजमी ने लिखे थे. वहीं यह गाना तब दिखाया गया जब हीर की जबरदस्ती शादी किसी और से होती है और रांझा पूरी तरह टूट जाता है.
हीर रांझा के बारे में
चेतन आनंद द्वारा निर्देशित हीर रांझा एक क्लासिक बॉलीवुड रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म है, जो पंजाबी लोक कथा हीर रांझा पर आधारित थी, जिसमें रांझा के रोल में राज कुमार और हीर के रोल में प्रिया राजवंश नजर आए थे. इसके अलावा प्राण, अजीत , जयंत, पृथ्वीराज कपूर, कामिनी कौशल, इंद्राणी मुखर्जी और अचला सचदेव अहम किरदार में दिखे. कहानी अमीर परिवार के लड़की हीर और गरीब परिवार के लड़के रांझा की थी, जो एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं. लेकिन परिवार के बीच दुश्मनी और सामाजिक दबाव के चलते कहानी का अंत ट्रैजिक होता है. इसके गाने ये दुनिया ये महफिल मेरे काम की नहीं, मिलो ना तुम तो हम घबराएं, दो दिल टूटे दो दिल हारे और मेरी दुनिया में तुम आई गाने खूब पॉपुलर हुए.
ये भी पढ़ें- सलमान खान का काला हिरण के मेकर्स को नहीं खौफ, अब समय से पहले इस दिन आएगी विवादित फिल्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं