'पापा आप हमें साइडलाइन कर दिए' ये लो लाइन मुन्ना भैया बने दिव्येंदु फिल्म में बोलते हैं. इस एक लाइन में उनके पूरे कैरेक्टर का दर्द समाया हुआ होता है. यही दर्द प्राइम वीडियो की वेब सीरीज में भी खूब झलका था. लेकिन फिल्म आते-आते मुन्ना के इस दर्द की आग में घी डालने का काम फिल्म के डायरेक्टर गुरमीत सिंह ने भी किया है. फिल्म में मुन्ना भैया को बाप ने साइड लाइन किया था और फिल्म में डायरेक्टर ने इन्हें साइडलाइन कर दिया है. फिल्म देखकर हमारे जहन में सबसे पहली लाइन तो यही कौंधती है.
मुन्ना भैया ने तोड़ी उम्मीद
प्राइम वीडियो की बहुत चर्चित वेब सीरीज मिर्जापुर पर आधारित फिल्म मिर्जापुर द मूवी ने सिनेमाघरों में दस्तक दे डाली है. वेब सीरीज पसंद करने वाले फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. मिर्जापुर वेब सीरीज में दिव्येंदु ने मुन्ना भैया का किरदार कर दर्शकों के दिलों को जीत लिया था. ऐसे में उम्मीद थी कि जा रही थी कि मुन्ना भैया का भौकाल मिर्जापुर द मूवी में भी देखने को मिलेगा. लेकिन फिल्म में यह उम्मीद टूटती हुई नजर आती है.
कॉमेडियन बनकर रह गए मुन्ना भैया
बात करें मिर्जापुर द मूवी की तो इसकी शुरुआत सामान्य फिल्मों से होती है.फिल्म की किरदारों की एंट्री भी सामान्य रही, लेकिन मुन्ना भैया एक कॉमेडी कैरेक्टर बनकर रह जाते हैं. फिल्म में उनके वो फनी पंच दिखाए गए हैं. जिनपर थोड़ी हंसी भी आती है, लेकिन अगर आप मिर्जापुर वेब सीरीज के फैन हैं तो फिल्म के फर्स्ट हाफ में मुन्ना भैया का जरा भी भौकाल देखने को नहीं मिलता है. वह सिर्फ कॉमेडी करते दिखाई देते हैं.
डायरेक्टर ने किया साइड लाइन
हालांकि फिल्म में दूसरे हाफ में धीरे-धीरे मुन्ना भैया का किरदार फिल्म में पूरी तरह से एंट्री करता है, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी होती है. दर्शक वेब सीरीज वाले मुन्ना भैया को ही मिस करते हुए नजर आ सकते हैं. मिर्जापुर द मूवी में मुन्ना भैया का एक डायलॉग है जब वह अपना पापा के लिए कहते हैं कि उन्होंने उन्हें साइड लाइन कर दिया है. उनका यह डायलॉग पूरी फिल्म में बिल्कुल सही बैठता है. मिर्जापुर द मूवी में डायरेक्टर गुरमीत सिंह ने भी मुन्ना भैया को साइड ही रखा है. बात करें फिल्म मिर्जापुर द मूवी की तो यह फिल्म कई हिस्सों में कमजोर पड़ जाती है. इस फिल्म पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार और रवि किशन जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं.
ये भी पढ़ें: फिल्म ‘मिर्जापुर' रिव्यू: बेहतरीन लेखन, दमदार अभिनय और भरपूर मनोरंजन, लेकिन लंबाई कर सकती है थोड़ा परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं