सावन का सोमवार आते ही हर तरफ भोलेनाथ के जयकारे गूंजने लगते हैं. मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ती है और मोबाइल से लेकर घरों तक शिव भजनों की आवाज सुनाई देती है. लेकिन कुछ भजन ऐसे होते हैं, जो हर साल सावन में फिर से लोगों की जुबान पर छा जाते हैं. 'मेरा भोला है भंडारी' भी ऐसा ही एक भजन है. हंसराज रघुवंशी और सुरेश वर्मा की आवाज में सजा ये गीत सुनते ही मन एकदम शांत हो जाता है. इसकी मधुर धुन और आसान बोल ऐसे हैं कि आंखें बंद करते ही भोलेनाथ की छवि मन में बस जाती है. यही वजह है कि करोड़ों लोग हर सावन में इस भजन को बार-बार सुनना पसंद करते हैं.
भक्ति के साथ देशभक्ति का एहसास
'मेरा भोला है भंडारी' सिर्फ एक शिव भजन नहीं है, बल्कि देश के वीर जवानों को भी भावभीनी श्रद्धांजलि देता है. इस गाने को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों और उनके परिवारों को समर्पित किया गया था. यही बात इसे दूसरे शिव भजनों से अलग बनाती है. इसे सुनते वक्त एक तरफ महादेव की भक्ति महसूस होती है, तो दूसरी तरफ देश के लिए जान देने वाले वीरों के लिए सम्मान भी अपने आप दिल में आ जाता है.
ये भी पढ़ें- हर प्लेलिस्ट में होगा दीपिका-रणवीर का ये गाना, गुजरात का है पॉपुलर लोकगीत, 126 साल पुरानी कविता से जुड़े तार
दो आवाजों ने बनाया खास
इस भजन को हंसराज रघुवंशी और हिमाचल के मशहूर लोक गायक सुरेश वर्मा ने अपनी आवाज दी है. ये गीत हिमाचल के एक लोकगीत से प्रेरित है, इसलिए इसमें हिंदी और पहाड़ी भाषा का खूबसूरत मेल देखने को मिलता है. संगीत परमजीत पम्मी ने तैयार किया है, जिसने इस भजन को और भी यादगार बना दिया.
आज भी है लोगों की पहली पसंद
साल 2019 में रिलीज हुआ 'मेरा भोला है भंडारी' आज भी सबसे ज्यादा सुने जाने वाले शिव भजनों में शामिल है. यूट्यूब पर इसे 31 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. हर सावन में इसकी लोकप्रियता फिर से बढ़ जाती है और ये भजन शिव भक्तों की प्लेलिस्ट में सबसे ऊपर नजर आता है. अगर आप भी इस सावन भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह डूबना चाहते हैं, तो ये भजन आपकी प्लेलिस्ट में जरूर होना चाहिए.
ये भी पढ़ें- 2 घंटे 25 मिनट की फिल्म ने आते ही जियो हॉटस्टार पर किया कब्जा, बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप लेकिन ओटीटी पर बनीं नंबर वन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं