रणबीर कपूर की मेगा बजट फिल्म रामायण का ट्रेलर 18 जुलाई को रिलीज होने वाला है और फैंस की नजरें इसकी पूरी स्टारकास्ट पर टिकी हैं. भगवान राम से लेकर रावण तक हर किरदार चर्चा में है. लेकिन एक ऐसा रोल भी है जिसके बिना रामायण की कहानी आगे बढ़ ही नहीं सकती. ये किरदार है कैकेयी का. दिलचस्प बात ये है कि इस बार इस अहम किरदार को निभा रही हैं वो एक्ट्रेस, जिन्होंने कभी अपनी खूबसूरती और तेज दिमाग से पूरी दुनिया को अपना दीवाना बना दिया था. अब वो फिर से बड़े पर्दे पर नया कमाल दिखाने को तैयार हैं.
ये भी पढ़ें; 15 दिन तक लगातार देखी 'रामायण', फिर इस मशहूर एक्टर ने ली अंतिम सांस, हनुमान के रोल से बना सुपरस्टार
मिस यूनिवर्स से कैकेयी तक
हम बात कर रहे हैं लारा दत्ता की. रणबीर कपूर की रामायण में वो कैकेयी का किरदार निभाती नजर आएंगी. ये वही कैकयी हैं जिनके एक फैसले ने भगवान राम को 14 साल के वनवास पर भेजा और यहीं से पूरी रामायण की कहानी ने नया मोड़ लिया. लारा दत्ता का सफर भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. साल 2000 में उन्होंने मिस यूनिवर्स का ताज पहनकर भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया था. लेकिन सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, उन्होंने अपनी इंटेलिजेंस से भी इतिहास रच दिया. मिस यूनिवर्स कॉन्टेस्ट में उन्हें उस दौर के इतिहास के सबसे ज्यादा मार्क्स मिले थे. यही वजह है कि उन्हें आज भी सबसे शानदार और सबसे तेज तर्रार मिस यूनिवर्स विजेताओं में गिना जाता है. इससे पहले 1997 में वो मिस इंटरकॉन्टिनेंटल का खिताब भी अपने नाम कर चुकी थीं. मॉडलिंग की दुनिया जीतने के बाद उन्होंने बॉलीवुड की ओर कदम बढ़ाया और वहां भी अपनी अलग पहचान बना ली.
अक्षय कुमार के साथ धमाकेदार शुरुआत
लारा दत्ता ने 2003 में अंदाज से बॉलीवुड में एंट्री की. इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा थे. पहली ही फिल्म हिट रही और लारा को फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड भी मिला. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने मस्ती, नो एंट्री, भागम भाग, पार्टनर, हाउसफुल, चलो दिल्ली और डॉन 2 जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया. खासकर अक्षय कुमार के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया. कॉमेडी हो, ग्लैमरस रोल हो या इमोशनल किरदार, लारा हर अंदाज में फिट बैठीं. कुछ समय फिल्मों से दूरी बनाने के बाद उन्होंने दमदार वापसी की. बेल बॉटम में इंदिरा गांधी का किरदार निभाकर उन्होंने सबको चौंका दिया. इसके बाद हंड्रेड, कौन बनेगी शिखरवती और रणनीति: बालाकोट एंड बियॉन्ड जैसी वेब सीरीज में भी उन्होंने अपनी एक्टिंग का दम दिखाया. अब बारी है रामायण की. करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट वाली इस मेगा फिल्म में लारा दत्ता पहली बार कैकयी के रूप में नजर आएंगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं