Accused Trailer : नेटफ्लिक्स ने फरवरी की शुरुआत में अपने आगामी प्रोजेक्ट की घोषणा की थी, जिसमें एक नाम अभिनेत्री कोंकणा सेन की सस्पेंस-थ्रिलर ड्रामा फिल्म 'एक्यूज्ड' भी थी. शनिवार को मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी कर दिया है. इसमें दिखाया गया है कि क्या होता है जब यकीन टूट जाता है और सोच असलियत को बदलने लगती है. अनुभूति कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म को धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले रिलीज किया जाएगा. इसमें कोंकणा और प्रतिभा रांटा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी.
1 मिनट 56 सेकंड का ट्रेलर काफी शानदार है. फिल्म की कहानी एक मशहूर और सम्मानित डॉक्टर डॉ. गीतिका सेन (कोंकणा सेन शर्मा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक गायनेकोलॉजिस्ट और सर्जन हैं. उनकी जिंदगी तब बिखरने लगती है, जब उनके खिलाफ सेक्शुअल मिसकंडक्ट के गंभीर आरोप लगते हैं. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है और सोशल मीडिया व पब्लिक की राय तेज होती जाती है, उनके निजी रिश्तों में दरार पड़ने लगती है, खासकर प्रतिभा के साथ. फिल्म में प्रतिभा और कोंकणा लव पार्टनर होते हैं. फिल्म जल्दबाजी में जवाब नहीं देती, बल्कि दर्शकों को अपने पूर्वाग्रहों का सामना करने और सच की नाजुकता पर सोचने के लिए मजबूर करती है.
ट्रेलर के बारे में निर्देशक अनुभूति ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस फिल्म के जरिए मैं दिखाना चाहती थी कि जब हमें क्लैरिटी नहीं मिलती तो क्या होता है. उन्होंने कहा, "यह ट्रेलर फिल्म में मौजूद इमोशनल शांति और बेचैनी को दिखाता है. मैं नेटफ्लिक्स की शुक्रगुजार हूं कि उसने एक ऐसी कहानी को सपोर्ट किया जो आसान जवाबों को रोकती है और कन्फ्यूजन को हवा देती है."
वहीं, ट्रेलर को लेकर अभिनेत्री कोंकणा ने कहा, "गीतिका एक ऐसी औरत है, जिसे अपना काम, क्रेडिबिलिटी और स्पेस को कंट्रोल करने की आदत है. जांच के दौरान उसका अंदर से टूटना मुझे बहुत भावुक कर गया. खुशी है कि नेटफ्लिक्स ऐसी कहानी ला रहा है, जो तमाशे की बजाय परफॉर्मेंस और चुप्पी पर भरोसा करती है." प्रतिभा रांटा ने कहा, "मीरा का रोल निभाना मतलब, उस उलझी हुई जगह पर रहना जहां आप भरोसा करना चाहते हैं, लेकिन आपका दिल पक्का नहीं होता. मुझे बहुत खुशी है कि नेटफ्लिक्स औरतों के बारे में इस तरह की असली, कॉम्प्लिकेटेड कहानियां बताता है." फिल्म 'एक्यूज्ड' 27 फरवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
यह भी पढें:
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं