धर्मा प्रोडक्शंस और पृथ्वीराज प्रोडक्शंस मिलकर 'ओडियन: द एज ऑफ इल्यूजन' बना रहे हैं. यह 19वीं सदी के केरल की लोक-कथाओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित एक भव्य फिल्म है. करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्वा मेहता और सुप्रिया मेनन द्वारा प्रोड्यूस की गई और राहुल सदाशिवन (भूतकालम, भ्रमयुगम, डीज इरे) द्वारा निर्देशित इस फिल्म में मंजू वारियर और पृथ्वीराज सुकुमारन लीड रोल में हैं. यह धर्मा प्रोडक्शंस की पहली मलयालम फिल्म होगी, जो भारत के सबसे मशहूर फिल्म हाउस में से एक के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. करण जौहर ने पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'ओडियन' के साथ धर्मा प्रोडक्शंस की मलयालम फिल्मों में एंट्री की घोषणा की.
यह फिल्म केरल की लोक-कथाओं के एक डरावने 'शेप-शिफ्टर' (रूप बदलने वाले) पर आधारित है, जिसका गुस्सा एक शक्तिशाली महिला-प्रधान परिवार पर टूट पड़ता है. इससे सच और भ्रम के बीच एक लड़ाई शुरू होती है. राहुल सदाशिवन, जो केरल की लोक-कथाओं और माहौल की गहरी समझ के जरिए भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई है, अब वह अपने अब तक के सबसे बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं.
धर्मा प्रोडक्शंस के प्रोड्यूसर करण जौहर ने कहा, "मैं लंबे समय से मलयालम सिनेमा का बहुत बड़ा फैन रहा हूं और हमेशा से उस दुनिया का हिस्सा बनना चाहता था. जब यह कहानी हमारे पास आई - राहुल के विजन और पृथ्वीराज की लीडरशिप के साथ. तब लगा कि यह बिल्कुल सही समय है. 'ओडियन: द एज ऑफ इल्यूजन' एक ऐसी फिल्म है, जिसे बड़े से बड़े कैनवस की जरूरत है. मुझे खुशी है कि हम इसे वही दे पा रहे हैं." धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता ने कहा, "मलयालम सिनेमा कहानी कहने के उस अंदाज को दिखाता है जिसका हम सम्मान करते हैं.
वहीं पृथ्वीराज प्रोडक्शंस के एक्टर और प्रोड्यूसर पृथ्वीराज सुकुमारन ने कहा, "'ओडियन' सिर्फ एक मिथक नहीं है, यह केरल की पहचान का एक हिस्सा है. एक ऐसी कहानी जो पीढ़ियों से चली आ रही है और हमारी सांस्कृतिक चेतना में एक मजबूत जगह रखती है. 'ओडियन: द एज ऑफ इल्यूजन' जल्द ही सिनेमाघरों में आ रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं