विज्ञापन
This Article is From Mar 06, 2025

सुसाइड नहीं था... बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद प्लेबैक सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने दिया बयान

मशहूर तमिल-तेलुगु सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने बताया कि उन्होंने सुसाइड करने की कोशिश नहीं की थी. वहीं बेटी ने भी इस बात को कंफर्म किया है.

सुसाइड नहीं था... बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद प्लेबैक सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने दिया बयान
प्लेबैक सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने आत्महत्या की कोशिश से किया इनकार
नई दिल्ली:

मशहूर तमिल-तेलुगु सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने आवास पर आत्महत्या करने की कोशिश नहीं की थी, बल्कि गलती से ज्यादा मात्रा में नींद की गोलियां खा ली थीं, जिससे वह बेहोश हो गई थीं. पुलिस ने कल्पना को मंगलवार रात ‘‘बेहोशी'' की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया था. गायिका का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने पुष्टि की कि उनकी हालत अब ‘‘स्थिर'' है. कल्पना ने होश में आने के बाद पुलिस को बताया कि उन्होंने आत्महत्या करने की कोशिश नहीं की थी, बल्कि उन्हें नींद नहीं आ रही थी, इसलिए उन्होंने ज्यादा मात्रा में नींद की गोलियां खा ली थीं. 

पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि गायिका का अपनी बेटी के साथ ‘‘मतभेद'' है, क्योंकि उसने अपनी मां के सुझाव के बावजूद पढ़ाई के लिए हैदराबाद जाने से इनकार कर दिया है. कल्पना ने बताया कि वह चार मार्च को एर्नाकुलम से हैदराबाद आई थीं. गायिका ने बताया कि उन्हें नींद नहीं आ रही थी, इसलिए उन्होंने पहले नींद की आठ गोलियां खा लीं और फिर बाद में 10 और गोलियां खा लीं, जिससे वह बेहोश हो गईं.

जब कल्पना के पति फोन पर उनसे संपर्क नहीं कर पाए, तो उन्होंने कॉलोनी वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों को सूचित किया. इसके बाद सदस्यों ने मंगलवार को पुलिस को इसकी जानकारी दी. केपीएचबी पुलिस थाने की एक टीम एसोसिएशन के सदस्यों के साथ कल्पना के घर पहुंची और मुख्य दरवाजा खटखटाया, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद वे रसोई के दरवाजे से घर में दाखिल हुए.

पुलिस ने कल्पना को ‘‘बेहोशी'' की हालत में पाया और तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया. इस बीच, गायिका की बेटी ने बुधवार को उन खबरों का खंडन किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि उनकी मां ने आत्महत्या का प्रयास किया था.

कल्पना की बेटी ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी मां ने नींद न आने पर चिकित्सकों द्वारा सुझाई गई नींद की गोलियों की अधिक खुराक ले ली थी. उन्होंने कहा, ‘‘यह आत्महत्या का प्रयास नहीं है. तनाव के कारण नींद न आने की वजह से उन्होंने ज्यादा मात्रा में गोलियां खा ली थीं. हमारा परिवार बिल्कुल ठीक है. मेरी मां कुछ दिनों में वापस घर आ जाएंगी. मुझे बस इतना ही कहना है कि यह आत्महत्या का प्रयास नहीं था.''

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kalpana Raghavendar Daughter, Kalpana Raghavendar Sucide Case, Kalpana Raghavendar Sleep Medication
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com