बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं, बल्कि ‘काला हिरण' नाम की एक विवादित फिल्म है. इस फिल्म के निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया है कि ये धमकियां एक पाकिस्तानी व्यक्ति की ओर से दी जा रही हैं, जो सलमान खान का समर्थन कर रहा है. अमित जानी ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर अपनी चिंता जाहिर की और कहा कि उन्होंने इस मामले की जानकारी गृह मंत्रालय, राजस्थान पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों को भी दे दी है. उनके आरोपों ने एक बार फिर इस पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है.
पाकिस्तानी आतंकी से धमकी मिलने का दावा
अमित जानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें देर रात फोन कॉल और मैसेज के जरिए धमकियां मिल रही हैं. उनका दावा है कि ये कॉल और संदेश शाहजाद भट्टी नाम के व्यक्ति की तरफ से आ रहे हैं. निर्माता के अनुसार, उन्हें ड्रोन और ग्रेनेड हमले की धमकी दी गई है. अमित जानी ने अपने पोस्ट में कहा कि वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और उन्होंने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दे दी है.

निर्माता ने यह भी आरोप लगाया कि ‘काला हिरण' फिल्म को रिलीज होने से रोकने के लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा है. उनका कहना है कि यह फिल्म काले हिरण शिकार मामले से प्रेरित है और इसी वजह से विवादों में घिरी हुई है. हालांकि इन आरोपों पर सलमान खान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
फिल्म को लेकर पहले भी हो चुका है विवाद
अमित जानी इससे पहले भी कई बार ‘काला हिरण' को लेकर बयान दे चुके हैं. उन्होंने पहले दावा किया था कि उन्हें फिल्म को लेकर कानूनी नोटिस मिला था. इतना ही नहीं, उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर उस नोटिस को कैमरे के सामने फाड़ते हुए भी दिखाया था.
यह भी पढ़ें: सलमान खान की फिल्म का वो विदाई गीत, जो सुपरहिट होकर भी बना मनहूस, 35 साल से आज तक कभी नहीं बजा शादियों में
इसके अलावा निर्माता ने अभिनेता गोविंद नामदेव पर भी निशाना साधा था. अमित जानी का आरोप था कि अभिनेता ने फिल्म को लेकर गलत बयान दिए और लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की. फिलहाल ‘काला हिरण' की रिलीज से पहले विवाद लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस मामले में आगे क्या नया मोड़ आता है और क्या इन आरोपों पर संबंधित पक्ष कोई जवाब देता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं