फिल्म जानवर (Jaanwar) साल 1999 की हिट फिल्मों में से एक थी. सुनील दर्शन (Suneel Darshan) द्वारा निर्देशित यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और शिल्पा शेट्टी अहम किरदार में नजर आए थे. फिल्म उस साल की सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्मों में से एक थी. सुनील दर्शन ज्यादातर रोमांटिक ड्रामा बनाने को लेकर जाने जाते हैं...लेकिन उन्होंने इस फिल्म में एक थ्रिलर जोन डाला था, जो कि दर्शकों को काफी पसंद आया था. फिल्म की कहानी में एक लड़का अनाथ है, जिनकी मां भूख से मर जाती है और उसको अपराधी सुल्तान गोद ले लेता है. करिश्मा कपूर भी इस फिल्म में एक तमाशा करने वाली महिला बनी हैं. वहीं शिल्पा शेट्टी ने इस फिल्म में एक शादीशुदा महिला का किरदार निभाया है. फिल्म डायरेक्टर सुनील दर्शन ने एनडीटीवी से बात कर फिल्म की पुरानी यादों को ताजा किया और कास्ट के बारे में काफी कुछ बताया.
काजोल को अप्रोच किया
सुनील दर्शन ने कहा, "फिल्म जानवर में करिश्मा कपूर के साथ-साथ एक और एक्ट्रेस को कास्ट करना था. उस दूसरे किरदार के लिए बॉलीवुड एक्ट्रेस काजोल को पहले अप्रोच किया गया. एक दिन मुझे तनुजा जी ने अपने घर बुलाया, मुझे लगा कि उनको फिल्म की स्क्रिप्ट सुनना होगा, इसलिए उन्होंने मुझे बुलाया है. जब मैं उनके घर पर पहुंचा तो मुझे तनुजा जी ने कहा कि काजोल इस फिल्म में काम नहीं कर पाएगी, क्योंकि उनकी उस वक्त अजय देवगन के साथ शादी होने वाली थी".

उन्होंने कहा, "वह नहीं चाहती थीं कि इस फिल्म में काजोल काम करे, क्योंकि उनका मानना था कि काजोल की पर्सनल लाइफ पर कोई फर्क ना पड़े और काजोल थोड़े समय के लिए फिल्मों से ब्रेक लेना चाहती थीं. बाद में उस किरदार के लिए एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी को कास्ट किया गया. फिल्म में शिल्पा शेट्टी का किरदार दर्शकों को काफी पसंद आया. शिल्पा ने फिल्म में एक बच्चे की मां का किरदार निभाया था. फिल्म में करिश्मा कपूर और शिल्पा शेट्टी की बांडिंग दर्शकों को पसंद आई".
करिश्मा कपूर रहीं पहली पसंद
दर्शन ब्रदर की पहली पसंद हमेशा से ही करिश्मा कपूर रही हैं. एक्ट्रेस ने उनके साथ तमाम बड़ी फिल्मों में काम किया, जिसमें 'राजा हिंदुस्तानी', 'एक रिश्ता', 'हां मैंने भी प्यार किया' जैसी तमाम बड़ी फिल्मों के नाम शामिल हैं. साल 2000 का दौर था, जब करिश्मा कपूर को ज्यादातर दर्शन ब्रदर की फिल्मों में ही देखा जाता था. उनकी कास्टिंग बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के साथ ही होती थी. अक्षय कुमार भी दर्शन ब्रदर्स के पहली पसंद रहे हैं. करिश्मा और अक्षय कुमार ने उस दौर में बॉलीवुड को काफी हिट फिल्में दी हैं.
यह भी पढ़ें: एसडी बर्मन और लेखक के बीच हुई थी गाली गलौज, तब जाकर बना था मोहम्मद रफी का ये गाना, देव आनंद ने बनाया आइकॉनिक
अगर शिल्पा शेट्टी की बात करें तो एक्ट्रेस फिल्म धड़कन में भी नजर आई थीं. इस फिल्म को सुनील दर्शन के भाई धर्मेश दर्शन ने बनाया. यह फिल्म उस दौर की सुपरहिट फिल्मों में से एक थी. सुनील दर्शन ने निर्देशन के तौर पर डेब्यू साल 1996 में आई फिल्म अजय के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने 'अंदाज', 'तलाश', 'बरसात' जैसी तमाम बड़ी फिल्में बनाई. इसके बाद सुनील दर्शन और सनी देओल के बीच का विवाद भी काफी सुर्खियों में रहा. सुनील दर्शन और एक्टर सनी देओल के बीच एक फिल्म को लेकर 2 करोड़ की धोखाधड़ी और भुगतान से कानूनी विवाद चर्चा में रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं