‘वेलकम टू जंगल' तैयार है सिनेमाघरों में दर्शकों का स्वागत करने के लिए और फिल्म का प्रचार भी जोर-शोर से चल रहा है. मंगलवार को मुंबई में एक बार फिर फिल्म की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जहां फिल्म का गाना ‘पैसा पैसा' दिखाया गया. इस कार्यक्रम में फिल्म की ज्यादातर स्टारकास्ट शामिल हुई. अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, राजपाल यादव, जैकलीन फर्नांडिस, विंदू दारा सिंह, फरीदा जलाल, कीकू शारदा, निर्माता फिरोज़ नाडियाडवाला और निर्देशक अहमद खान भी मौजूद थे.
बॉलीवुड में अक्सर कलाकारों के ईगो को लेकर खबरें आती रहती हैं. ऐसे में ‘वेलकम टू जंगल' जैसी फिल्म, जिसमें 32 कलाकार हैं, उसमें निर्देशक अहमद खान ने फिल्म और कलाकारों को किस तरह संभाला होगा, यह सवाल दर्शकों के साथ-साथ पत्रकारों के मन में भी था. इसलिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे यही पूछ लिया गया. सवाल सुनते ही अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा, “देखिए, पहले-पहले लड़ाई करवा दो. सबके यहां पर सीन कटे होंगे. कुछ ऐसा होगा. नहीं भी हुआ होगा तो भी लड़ाई करवा दो. बोल नहीं, जवाब दे.” जब यह सवाल पूछा गया तो परेश रावल मुस्कुराते नजर आए.
आपको बता दें कि अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी की फिल्म हेरा फेरी को लेकर भी काफी विवाद देखने को मिला था. पैसों और फिल्म के अधिकारों को लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं. एक समय ऐसा लगा था कि परेश रावल फिल्म से अलग हो रहे हैं, लेकिन बाद में उन्होंने साफ कर दिया कि वह फिल्म का हिस्सा हैं और अब सब कुछ ठीक है.
‘वेलकम टू जंगल' की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में परेश रावल की मुस्कान के पीछे क्या छिपा था, यह तो वही बेहतर जानते होंगे, लेकिन उनकी मुस्कुराहट और सिर हिलाने के अंदाज से ऐसा लगा मानो वह मन ही मन कह रहे हों, “सही सवाल पूछा.” हालांकि, इस सवाल का जवाब देने की जिम्मेदारी बाद में अहमद खान ने संभाली. अहमद खान ने कहा, “अभी मैं देखो, सेट में जब सब थे, मैंने पहले ही कहा था फिरोज भाई से, ‘फिरोज भाई, इतने नहीं.' पर ये बोलते थे, ‘और… और… दिल मांगे मोर.' लेकिन जब सब आए, सच कहूं तो सेट पर बहुत झगड़े थे. ईगो भरपूर था. सब एक-दूसरे का रोल खा रहे थे, लेकिन यही हमारी फिल्म थी. तो जो फिल्म में आप देखने वाले हो, वो वही है. इससे बेहतर जवाब मैं अभी नहीं दे सकता.”
इस बात में कोई दो राय नहीं है कि 32 कलाकारों की तारीखें और समय संभालना अपने आप में एक मुश्किल काम है. उससे भी ज्यादा कठिन है सभी किरदारों को पर्दे पर पर्याप्त और संतुलित जगह देना. हालांकि, फिल्म से जुड़े लगभग हर कलाकार ने यही कहा है कि अहमद खान ने निर्देशक की भूमिका बखूबी निभाई है. इतनी बड़ी स्टारकास्ट को एक साथ संभालना आसान नहीं था, लेकिन कलाकारों का मानना है कि अहमद खान ने यह जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाई है.
यह भी पढ़ें: एसडी बर्मन और लेखक के बीच हुई थी गाली गलौज, तब जाकर बना था मोहम्मद रफी का ये गाना, देव आनंद ने बनाया आइकॉनिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं