तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी.जोसेफ विजय की फिल्म 'जन नायगन' के मेकर्स पर आरोप लगे थे कि उन्होंने जानबूझकर फिल्म रिलीज की थी. अब डायरेक्टर एच.विनोद ने मंगलवार (21 जुलाई) को उन आरोपों को खारिज कर दिया है. आरोप थे कि फिल्म को 2026 के विधानसभा चुनावों में TVK फाउंडर की मदद करने के लिए रिलीज से पहले जानबूझकर लीक किया गया था. उन्होंने इन दावों की वजह को राजनीतिक मकसद बताया.
23 जुलाई को फिल्म की रिलीज से पहले मीडिया से बात करते हुए विनोद ने कहा कि इस आरोप से उन्हें दुख हुआ है. फिल्म के 400 करोड़ रुपये के बजट का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि कोई इतनी बड़ी फिल्म को जानबूझकर क्यों लीक करेगा. उन्होंने कहा कि अगर यह मान भी लिया जाए कि लीक जानबूझकर किया गया था तो भी अधिकारी कुछ घंटों या दिनों में इसका पता लगा लेते. उन्होंने यह भी कहा कि जब लीक हुआ, तब विजय सत्ता में नहीं थे.

Photo Credit: Vijay/X
उन्होंने कहा, "ऐसे आरोप सिर्फ राजनीतिक फायदे के लिए लगाए जाते हैं. लोग यह बात समझ गए हैं." जब उनसे पूछा गया कि विजय ने दर्शकों से लीक हुए वर्शन को न देखने की अपील क्यों नहीं की, जबकि दावा किया जा रहा था कि लगभग एक करोड़ लोग इसे देख चुके हैं, तो विनोद ने कहा कि एक्टर-नेता के किसी भी दखल से आलोचना हो सकती थी. इसलिए उन्होंने कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाया.
उन्होंने कहा, "अगर विजय अपील करते तो कहा जा सकता था कि देश में कई समस्याएं हैं, जिनमें किसानों का मुद्दा भी शामिल है जब उन्होंने ऐसे मामलों पर अपील नहीं की, तो अब क्यों कर रहे हैं - ऐसी बातें बनाई जा सकती थीं." लीक को कानूनी मामला बताते हुए विनोद ने कहा कि प्रोड्यूसर्स की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले को संभाला. उन्होंने आगे कहा, "मुझे लगता है कि विजय सर ने खुद को इसमें शामिल नहीं किया क्योंकि इससे मामला भटक सकता था और आलोचना हो सकती थी."
विनोद ने फिल्म की ओरिजनल रिलीज (जनवरी) और जुलाई की रिलीज के बीच छह महीने की देरी को "तकलीफ भरा समय" बताया, लेकिन कहा कि अब उन्हें राहत महसूस हो रही है. उन्होंने कहा, "राहत का एहसास है, जैसे हम आखिरकार किसी समस्या के अंत तक पहुंच गए हों. और हमें विश्वास है कि हमें जनता से इसके लिए न्याय मिलेगा." उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म की एडवांस बुकिंग जबरदस्त रही है और वह "लोगों को सलाम" करना चाहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं