बॉलीवुड अभिनेता और निर्माता जैकी भगनानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक कथित डेटिंग ऐप प्रोफाइल है. इंटरनेट पर तेजी से शेयर किए जा रहे एक स्क्रीनशॉट में दावा किया गया है कि जैकी एक्सक्लूसिव डेटिंग ऐप Raya पर मौजूद हैं. स्क्रीनशॉट सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. दिलचस्प बात यह है कि कुछ महीने पहले जैकी अपने ‘सिचुएशनशिप' वाले बयान को लेकर भी खबरों में रहे थे. हालांकि, फिलहाल इस वायरल प्रोफाइल की सच्चाई की पुष्टि किसी आधिकारिक स्रोत ने नहीं की है.
रेडिट पोस्ट से शुरू हुई चर्चा
पूरा मामला एक रेडिट पोस्ट के बाद सामने आया. एक यूजर ने यूट्यूब वीडियो का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें ‘जैकी' नाम का प्रोफाइल दिखाई दे रहा है. प्रोफाइल की बायो में ‘एक्टर/प्रोड्यूसर' लिखा है, जबकि लोकेशन लंदन, यूनाइटेड किंगडम बताई गई है. स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसे जैकी भगनानी का अकाउंट बताया, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है. यह भी संभव है कि प्रोफाइल पुराना हो, निष्क्रिय हो या किसी अन्य व्यक्ति ने बनाया हो.
क्या है Raya ऐप?
राया एक इनवाइट-ओनली सोशल और डेटिंग प्लेटफॉर्म है, जिसे खासतौर पर सेलिब्रिटी, क्रिएटिव प्रोफेशनल्स और हाई-प्रोफाइल लोगों के लिए जाना जाता है. इस ऐप पर अकाउंट बनाने के लिए पहले आवेदन करना पड़ता है और फिर प्रोफाइल की जांच के बाद ही मंजूरी मिलती है. यही वजह है कि इसे दुनिया के सबसे एक्सक्लूसिव डेटिंग ऐप्स में गिना जाता है.

‘सिचुएशनशिप' वाले बयान पर भी हुआ था विवाद
कुछ समय पहले जैकी भगनानी ने एक बातचीत में मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह और रकुल प्रीत सिंह शादीशुदा होने के बावजूद ‘सिचुएशनशिप' में हैं. उनका मतलब था कि दोनों एक-दूसरे के साथ हर बात खुलकर शेयर करते हैं और रिश्ता दोस्ती जैसा भी है. हालांकि, उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर अलग संदर्भ में पेश किया गया. बाद में रकुल प्रीत सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लंबी बातचीत की सिर्फ एक लाइन को हेडलाइन बनाकर उसका मतलब बदल दिया गया. उन्होंने लिखा कि किसी भी बातचीत को उसके पूरे संदर्भ के साथ समझना जरूरी है. बता दें कि जैकी भगनानी और रकुल प्रीत सिंह ने 2024 में गोवा में शादी की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं