फिल्म अभिनेता आशीष विद्यार्थी फिल्मों के अलावा अपने व्लॉग्स के लिए भी काफी फेमस हैं. आशीष देशभर में घूम घूमकर देश के अलग-अलग कल्चर को जानते हैं और वहां के खाने का लुत्फ उठाते हैं. हैरानी की बात ये है कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले हर एक्टर जहां अपनी हेल्थ को लेकर इतने कॉन्शियस रहते हैं और डाइट फूड खाते हैं, वहीं आशीष डाइटिंग से कोसों दूर हर तरह के खाने का मजा लेते हैं. आशीष अपने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अक्सर खाने पीने की ऐसी वीडियो शेयर करते हैं जिन्हें देखकर आपके मुंह में भी पानी आ जाए. जैसे हाल ही में एक्टर पहुंचे हुए हैं पुणे. यहां एक्टर ने डीप फ्राइड आइटम्स इतने चाव से खाए हैं कि उन्हें देखकर आपका भी मन कर जाएगा वहां जाने का.
स्टारडम भूलकर आम इंसान की तरह खाए पकोड़े
आशीष अपने वीडियो में बता रहे हैं कि वो एक इवेंट के सिलसिले में पुणे पहुंचे थे. इवेंट खत्म होने के बाद उन्हें कुछ अच्छा देसी खाने का मन हुआ तो वहां आदित्य वड़ापाव के ठेले पर पहुंच गए जहां एक्टर पहले भी जा चुके हैं. वीडियो में आप देखेंगे एक्टर जैसे ही वड़ा पाव वाले के ठेले पर पहुंचते हैं उन्हें देखकर दुकानदार खुशी से फूले नहीं समाता. वो उन्हें बताता है कि उसने एक्टर का स्टेटस अपने व्हॉट्सएप पर लगाया है जब वो पिछली बार आए थे. तब एक्टर उन्हें बताते हैं कि पिछली बार का उनका कॉन्टेंट खराब हो गया था इसलिए वो आज यहां दोबारा आए हैं.
वड़ा पाव खाकर जली जुबान, तब मिली ये सलाह
इसके बाद एक्टर आदित्य की स्टॉल पर खड़े होकर वड़ा पाव, आलू के पकोड़े और प्याज के पकोड़े खाते हैं. इस दौरान वो जैसे ही वड़ा पाव खाते हैं तो मिर्ची की वजह से उनकी जुबान जलने लगती है तब पास खड़ी महिला उन्हें सलाह देती हैं कि वो इसे फूंक-फूंक कर खाएं वरना उनका मुंह जल जाएगा. कुल मिलाकर देखा जाए तो आशीष का वीडियो देखकर आपको बिल्कुल ऐसा महसूस नहीं होगा कि वो इतने बड़े स्टार हैं. वो एक आम इंसान की तरह स्टॉल पर खड़े होकर स्नैक्स का लुत्फ उठा रहे हैं वो भी बड़ी खुशी के साथ.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं