'प्रोजेक्ट रनवे' की पूर्व प्रोडक्शन असिस्टेंट मिरियम हेली के साथ यौन उत्पीड़न के दोषी पाए जाने के बाद हार्वे वेनस्टीन को 15 साल की जेल की सजा सुनाई गई है. हॉलीवुड के इस प्रोड्यूसर पर यौन दुर्व्यवहार के कई आरोप लगे हैं. सजा में नरमी की अपील करते हुए उन्होंने खुद को बेगुनाह बताया. यह सजा कई सालों की सुनवाई, अपील और अदालती लड़ाई के बाद सुनाई गई है. बुधवार को हार्वे वेनस्टीन को 15 साल की जेल की सजा सुनाई गई. एक जूरी ने हॉलीवुड के दिग्गज रहे हार्वे को 'प्रोजेक्ट रनवे' की पूर्व प्रोडक्शन असिस्टेंट मिरियम हेली के साथ यौन उत्पीड़न का दोषी पाया था, जिसके एक साल से ज्यादा समय बाद यह सजा हुई है. गौरतलब है कि सजा का इंतजार करते हुए वह कई हफ्तों तक मेडिकल देखरेख में थे. अदालत में पढ़कर सुनाए गए 'विक्टिम इम्पैक्ट स्टेटमेंट' में हेली ने कहा कि वेनस्टीन ने "अपने पद और ताकत का गलत इस्तेमाल किया" जिससे "मेरी जिंदगी और सुरक्षा पर बहुत बुरा असर पड़ा."
74 साल के वेनस्टीन ने अपनी उम्र और सेहत की समस्याओं का हवाला देते हुए दया की अपील की. उन्होंने "उन सभी लोगों से माफी मांगी जिन पर मेरे कामों का असर पड़ा है" और कहा कि उन्हें हेली के लिए पछतावा है. सरकारी वकीलों ने 20 साल की जेल और रिहाई के बाद पांच साल की निगरानी की सजा की मांग की थी. वेनस्टीन के बचाव पक्ष ने उनकी सेहत का हवाला देते हुए नौ साल की सजा की मांग की थी और तर्क दिया था कि लंबी सजा का मतलब हो सकता है कि उनकी मौत जेल में ही हो जाए.
कौन हैं हार्वे वेनस्टीन?
कभी हॉलीवुड में 'शेक्सपियर इन लव', 'पल्प फिक्शन' और 'चॉकलेट' जैसी हिट फिल्मों के साथ एक बड़ी हस्ती रहे वेनस्टीन का पतन तेजी से हुआ. 2017 में इन पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे और इसके बाद #MeToo मूवमेंट शुरू हुआ था. 2017 में 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' और 'द न्यू यॉर्कर' की जांच में कई महिलाओं के दावों पर लोगों का ध्यान गया था.
कई महिलाओं ने उन पर यौन उत्पीड़न, हमला और रेप का आरोप लगाया. उन्होंने बिना सहमति के यौन गतिविधि से इनकार किया और कई आरोपों को गलत बताया. 2020 में, उन्हें न्यूयॉर्क में आपराधिक यौन कृत्य और तीसरे दर्जे के रेप का दोषी ठहराया गया और 23 साल की जेल की सजा सुनाई गई. उस सजा को 2024 में न्यूयॉर्क कोर्ट ऑफ अपील्स ने पलट दिया और सुनवाई में हुई गलतियों का हवाला देते हुए दोबारा सुनवाई का आदेश दिया. इसके अलावा, 2022 में कैलिफोर्निया में हार्वे वेनस्टीन को एक महिला के साथ रेप, जबरदस्ती ओरल सेक्स और सेक्सुअल पेनिट्रेशन का दोषी ठहराया गया और 16 साल की जेल की सजा सुनाई गई. ये मामले 'मी टू' आंदोलन का एक अहम हिस्सा बन गए.
वेनस्टीन को मिली दूसरी सजाएं जिनमें न्यूयॉर्क में एक और सेक्सुअल अपराध और कैलिफोर्निया के दूसरे मामले शामिल हैं, अभी भी चल रहे हैं. न्यूयॉर्क के सरकारी वकीलों ने हाल ही में 74 साल के बदनाम प्रोड्यूसर पर चौथी बार रेप का आरोप न चलाने का फैसला किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं