बॉलीवुड में कई फिल्में आती हैं, हिट भी होती हैं और कुछ समय बाद लोग उन्हें भूल जाते हैं. लेकिन कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जिनका नाम आते ही गाने, डायलॉग और किरदार सब कुछ आंखों के सामने घूमने लगता है. करीब 38 साल पहले रिलीज हुई अनिल कपूर की एक ऐसी ही फिल्म ने दर्शकों को दीवाना बना दिया था. टिकट खिड़की पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही थी और फिल्म पूरे 50 हफ्तों तक थिएटर्स में चलती रही. लेकिन इस सुपरहिट फिल्म से जुड़ा एक ऐसा राज भी है, जिसके बारे में आज भी बहुत कम लोग जानते हैं. दरअसल, फिल्म का एक अहम रोल पहले गोविंदा को ऑफर हुआ था.
जब हर तरफ थी सिर्फ इसी फिल्म की चर्चा
1988 में रिलीज हुई तेजाब ने बॉक्स ऑफिस पर आते ही कमाल कर दिया. उस दौर में फिल्म देखने वालों की लंबी लाइनें लग रही थीं और थिएटर्स में महीनों तक इसका क्रेज बना रहा. फिल्म ने उसी साल रिलीज हुई कई बड़ी फिल्मों को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया. अनिल कपूर का एंग्री यंग मैन वाला अंदाज लोगों को खूब पसंद आया, जबकि माधुरी दीक्षित भी इस फिल्म के बाद हर घर में पहचानी जाने लगीं. फिल्म का गाना 'एक दो तीन' इतना बड़ा हिट हुआ कि आज भी पार्टी हो या स्टेज शो, ये गाना जरूर सुनाई देता है.
गोविंदा ने छोड़ा मौका, चंकी पांडे की लग गई लॉटरी
फिल्म में बब्बन का रोल चंकी पांडे ने निभाया था, लेकिन शुरुआत में ये रोल गोविंदा को ऑफर किया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक डेट्स की वजह से गोविंदा इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाए. इसके बाद यही रोल चंकी पांडे के पास पहुंचा और उन्होंने भी अपने शानदार काम से लोगों का दिल जीत लिया. आज भी जब तेजाब की बात होती है तो चंकी पांडे का ये किरदार जरूर याद किया जाता है. कई लोगों को आज भी यकीन नहीं होता कि ये रोल पहले किसी और एक्टर के पास गया था.
आज भी लोग बड़े शौक से देखते हैं फिल्म
एन. चंद्रा के निर्देशन में बनी तेजाब में अनिल कपूर, माधुरी दीक्षित, चंकी पांडे, अनुपम खेर, किरण कुमार, मंदाकिनी, अरुणा ईरानी और अनु कपूर जैसे कई कलाकार नजर आए थे. प्यार, बदला, इमोशन और शानदार गानों से भरी ये फिल्म आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है. टीवी पर आते ही लोग इसे देखना नहीं छोड़ते और इसके गाने आज भी पहले की तरह पसंद किए जाते हैं. यही वजह है कि रिलीज के इतने साल बाद भी तेजाब का नाम बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में लिया जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं