गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के बीच चल रही बयानबाजी अब लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. हाल ही में सुनीता ने गोविंदा को उनकी कमबैक फिल्म की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर के साथ देखे जाने पर कई तीखी बातें कही थीं. उन्होंने अभिनेत्री की उम्र को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि गोविंदा इस उम्र में बेटी की उम्र की लड़की को घुमा रहे हैं और उन्हें शर्म आनी चाहिए. सुनीता ने कोमल को लेकर यहां तक कह दिया था कि गोविंदा उनके ‘शुगर डैडी' हैं. अब गोविंदा ने इन बयानों पर खुलकर नाराजगी जताई है.
सुनीता के बयानों पर गोविंदा ने दी नसीहत
गोविंदा ने सुनीता के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए. अभिनेता का कहना है कि वह जिस काम में लगे हुए हैं, उसमें किसी को बेवजह दखल नहीं देना चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस समय उन्होंने अपनी फिल्म पर काम शुरू किया है, उस दौरान उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.
अभिनेता ने कहा कि वह ऐसा कोई काम नहीं करना चाहते जिससे किसी की रोजी-रोटी या बिजनेस प्रभावित हो, लेकिन उनके खिलाफ लगातार ऐसी बातें कही जा रही हैं, जिनसे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है. गोविंदा ने यह भी याद दिलाया कि जब सुनीता अपने प्रोजेक्ट्स कर रही थीं, तब उन्होंने भी उनसे सहयोग लिया था.
को-एक्ट्रेस के बचाव में उतरे अभिनेता
गोविंदा ने अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकर का भी बचाव किया. उन्होंने कहा कि अगर कोई गरीब या सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति फिल्म इंडस्ट्री में अपना करियर बनाने की कोशिश कर रहा है, तो उसे इस तरह शर्मिंदा नहीं किया जाना चाहिए. अभिनेता ने कहा कि उनके पास पैसा, शोहरत और सम्मान है, लेकिन हर किसी के पास ये चीजें नहीं होतीं. ऐसे में किसी को उसकी स्थिति के कारण अपमानित करना सही नहीं है. गोविंदा ने कहा कि किसी नए कलाकार को इस तरह की बातों से हतोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए कि वह फिल्म इंडस्ट्री ही छोड़ दे.
‘हर बड़े स्टार ने नई एक्ट्रेसेस के साथ काम किया है'
सुनीता की उस टिप्पणी पर भी गोविंदा ने जवाब दिया जिसमें उनकी उम्र और को-एक्ट्रेस की उम्र को लेकर सवाल उठाए गए थे. अभिनेता ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में बड़े-बड़े सुपरस्टार्स ने अपने से कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम किया है. उनके मुताबिक नई पीढ़ी के कलाकारों के साथ काम करने से कलाकार स्क्रीन पर युवा नजर आ सकते हैं.
गोविंदा ने कहा कि उनकी कोशिश फिल्म में अच्छा काम करने की है और किसी को इस बात से परेशानी नहीं होनी चाहिए कि वह युवाओं के साथ काम कर रहे हैं. उन्होंने सुनीता से कहा कि वह ऐसे बयानों से उनकी छवि और काम को नुकसान न पहुंचाएं.
‘मां-बहन की गालियां देना ठीक नहीं'
गोविंदा ने बातचीत खत्म करने के बाद कुछ देर में दोबारा लौटकर सुनीता के कथित अपशब्दों पर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि सुनीता को इन दिनों सार्वजनिक बातचीत में मां-बहन की गालियों से बचना चाहिए. अभिनेता ने कहा कि अगर दूसरे लोग भी इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करने लगेंगे तो स्थिति बेहद शर्मनाक हो जाएगी. गोविंदा ने इसे रिश्तों और परिवार की गरिमा के लिहाज से गलत बताया और कहा कि उन्हें सुनीता से ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं थी.
क्या कहा था सुनीता आहूजा ने?
दरअसल, गोविंदा को उनकी आने वाली फिल्म रूपा की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकर के साथ देखे जाने के बाद सुनीता ने इस पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने गोविंदा की उम्र को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूम रहे हैं और उन्हें इस पर शर्म आनी चाहिए.
सुनीता ने कोमल के पहनावे पर भी टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि अगर गोविंदा उसके ‘शुगर डैडी' हैं और इतने अमीर हैं, तो उसे अपने कपड़ों पर भी ध्यान देना चाहिए. सुनीता ने यह भी कहा था कि व्यक्ति का अपना एक स्टैंडर्ड होना चाहिए और उन्होंने अपने रहन-सहन का उदाहरण दिया था. इन टिप्पणियों के बाद अब गोविंदा की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है, जिससे दोनों के बीच चल रही सार्वजनिक बयानबाजी एक बार फिर चर्चा में आ गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं