अवार्ड विनिंग लिरिसिस्ट गिन्नी दीवान एक बार फिर ‘मिर्जापुर' की दुनिया का हिस्सा बनी हैं. पहले सीजन से इस पॉपुलर सीरीज के साथ जुड़ी गिन्नी ने अब ‘मिर्जापुर: द मूवी' के लिए गाना ‘वारूं फॉरएवर' लिखा है. फिल्म में यह गाना ओरिजिनल और रीप्राइज, दोनों वर्जन में सुनने को मिलेगा. आनंद भास्कर के कंपोज किए इस गाने को श्रेया घोषाल और रोमी ने अपनी आवाज दी है, जबकि रीप्राइज वर्जन में श्रेया घोषाल की आवाज सुनाई देती है. गाने के बारे में बात करते हुए गिन्नी ने बताया कि ‘वारूं फॉरएवर' के जरिए उन्होंने मिर्जापुर के किरदारों का एक ऐसा पहलू दिखाने की कोशिश की, जो अक्सर उनकी बाकी भावनाओं के पीछे छिपा रहता है.
मिर्जापुर जैसे हिंसा, ताकत और बदले से भरे माहौल में इस बार गिन्नी ने किरदारों की भावनाओं और उनके नरम पहलू को अपने शब्दों के जरिए सामने लाने की कोशिश की है. हालांकि गाना रोमांटिक है, लेकिन इसके बोल पूरी तरह मिर्जापुर की दुनिया और उसके किरदारों से जुड़े हुए हैं.
अपने मिर्जापुर के सफर और फिल्म के लिए वापस लौटने को लेकर गिन्नी दीवान ने कहा, “मिर्जापुर पहले सीजन से ही मेरे सफर का हिस्सा रहा है, इसलिए फिल्म के लिए वापस आना ऐसा लगा जैसे मैं उस दुनिया में लौट रही हूं, जिसे मैं अच्छी तरह जानती हूं. हर सीजन में लिखने के दौरान कुछ नया सीखने का मौका मिला है और यह गाना भी उसी कहानी में एक नया पहलू जोड़ता है.”
श्रेया घोषाल और रोमी की आवाज में अपने लिखे शब्द सुनने के अनुभव को लेकर गिन्नी ने कहा, “जब ये शब्द श्रेया घोषाल और रोमी की आवाज में सुनने को मिले, तो वह मेरे लिए बहुत खास पल था. श्रेया हर लाइन में इतनी गहराई लेकर आती हैं, वहीं रोमी अपनी आवाज से गाने को एक अलग रंग देते हैं. दोनों की आवाज को साथ सुनना मेरे लिए सच में यादगार रहा.”
गिन्नी ने बताया कि गाना लिखने से पहले उन्होंने किरदारों और कहानी की सिचुएशन को समझने पर ध्यान दिया. उनके लिए सिर्फ धुन के हिसाब से शब्द लिखना जरूरी नहीं था, बल्कि कोशिश यह थी कि गाने के बोल कहानी और किरदारों के साथ सही तरह से जुड़ें.
आनंद भास्कर के साथ अपनी लंबे समय से चली आ रही दोस्ती और काम के बारे में बात करते हुए गिन्नी ने कहा, “आनंद और मैं काफी लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और साथ काम करते आए हैं. इसलिए जब हम किसी गाने पर काम करते हैं तो हमारे बीच एक सहजता रहती है. वह बोलों की बारीकियों को समझते हैं और जानते हैं कि म्यूजिक और शब्दों को किस तरह साथ लेकर चलना है.”
मिर्जापुर के लिए काम करने के अपने अनुभव के बारे में गिन्नी आगे कहती हैं, “मिर्जापुर के लिए मैंने जो भी गाने लिखे हैं, हर गाने ने मुझे किरदार के लिए सही आवाज और सही भाषा ढूंढना सिखाया है. इस शो ने मुझे अपनी रोज की भाषा से बाहर निकलकर कहानी के हिसाब से लिखने के लिए भी प्रेरित किया है. आनंद के साथ ‘वारूं फॉरएवर' बनाना मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव रहा और अब मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि दर्शकों को यह गाना कैसा लगता है.”
गिन्नी दीवान पिछले कई सालों से फिल्मों, म्यूजिक और विज्ञापन की दुनिया में काम कर रही हैं. वह ‘मासूम' के लिए ITA अवार्ड भी जीत चुकी हैं. इसके अलावा वह ‘ओएमजी 2', ‘बागी 2', ‘बागी 3', ‘जुगजुग जियो', ‘शोटाइम', ‘जय मम्मी दी' और ‘मॉडर्न लव मुंबई' जैसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रही हैं. ‘मिर्जापुर' के पहले सीजन से जुड़ी गिन्नी ने सीजन 2 और 3 में भी कई गानों पर काम किया, जिनमें ‘टिट्टर बिट्टर', ‘मुन्ना रैप' और ‘दुआ' शामिल हैं. अब ‘मिर्जापुर: द मूवी' में ‘वारूं फॉरएवर' के साथ उनका यह सफर आगे बढ़ रहा है. गुरमीत सिंह के डायरेक्शन में बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी' को फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है.
ये भी पढ़ें: शाहरुख खान की 33 साल पुरानी वो फिल्म, जिसने बनाया उनको स्टार, इस एक्टर ने पहली हुई थी ऑफर, बदल गई थी किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं