देश में हुनर की कभी कमी नहीं रही, लेकिन हर कलाकार को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच नहीं मिल पाता. सोशल मीडिया ने ऐसे कई अनदेखे चेहरों को पहचान दिलाई है, जिनकी कला लोगों के दिलों तक सीधे पहुंचती है. इन दिनों एक ऐसे ही बुजुर्ग दंपती का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों को भावुक कर दिया है. खेत के बीच हारमोनियम और डफली के साथ बैठा यह बुजुर्ग जोड़ा बॉलीवुड के दिग्गज गायकों मुकेश और लता मंगेशकर का मशहूर गीत ‘सावन का महीना' गाता नजर आ रहा है. उनकी सादगी, सुर और संगीत ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया है. यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @theprayagtiwari नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है और लगातार लोगों का ध्यान खींच रहा है.
खेत बना महफिल, सुरों ने बांधा समां
वायरल वीडियो में एक बुजुर्ग व्यक्ति हारमोनियम बजाते हुए पूरे भाव के साथ ‘सावन का महीना' गाते दिखाई देते हैं. उनके साथ बैठी बुजुर्ग महिला डफली बजाकर गीत में ताल देती हैं. वीडियो में एक अन्य शख्स भी नजर आता है, जिसे लोग उनका बेटा बता रहे हैं. वह भी बुजुर्ग के साथ सुर मिलाता दिखाई देता है. खेत के खुले माहौल में बिना किसी स्टूडियो या आधुनिक उपकरण के गाया गया यह गीत लोगों को पुराने दौर की याद दिला रहा है. यही सादगी और आत्मीयता इस वीडियो को खास बना रही है.
If you are having a bad day. ♥️ pic.twitter.com/eztQhMji6j
— Prayag (@theprayagtiwari) June 23, 2024
सोशल मीडिया पर बरसा प्यार
वीडियो को शेयर किए जाने के बाद महज एक दिन के भीतर इसे 1.68 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है, जबकि करीब 6 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है. कमेंट सेक्शन में लोग बुजुर्ग दंपती की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “हमारे देश में टैलेंट की कोई कमी नहीं, बस सही मंच की जरूरत है.” दूसरे ने कहा, “इनकी आवाज सीधे दिल तक पहुंचती है, इन्हें जरूर मौका मिलना चाहिए.” एक अन्य यूजर ने लिखा, “आज का सबसे खूबसूरत वीडियो यही है, दिल खुश हो गया.” वहीं कई लोगों ने इस जोड़ी की सादगी और संगीत के प्रति समर्पण की भी सराहना की. यही वजह है कि यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और हजारों लोग इसे शेयर कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं