1986 की बात है. दूरदर्शन पर एक ऐसा सीरियल आया जिसने पूरे देश को अपनी कहानी में बांध लिया. नाम था, नुक्कड़. ये कोई राजघरानों या अमीरों की कहानी नहीं थी. ये थी एक साधारण गली में रहने वाले आम लोगों की. उनकी छोटी-छोटी खुशियों, ऊंचे ख्वाबों, संघर्ष और रिश्तों की. हर सोमवार शाम को जब नुक्कड़ का टाइटल सॉन्ग बजता, तो टीवी के सामने पूरा मोहल्ला जमा हो जाता था. 40 साल बीत गए, दुनिया बदल गई, टेक्नोलॉजी बदल गई, लेकिन नुक्कड़ की वो दिल छू लेने वाली कहानियां आज भी बिल्कुल प्रासंगिक लगती हैं. आज भी कनेक्ट करती हैं.
सीरियल में सबसे यादगार किरदारों में से एक था, हरि. इसे निभाया था पवन मल्होत्रा ने. पवन मल्होत्रा आज बॉलीवुड के अलावा कई भाषाओं की फिल्मों, टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी एक जाना-माना नाम हैं. लेकिन जब वो नुक्कड़ की बात करते हैं तो उनका चेहरा अभी भी चमक उठता है. हाल ही में पवन मल्होत्रा ने एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में नुक्कड़ को लेकर ऐसी बात कही, जो शायद ही किसी को पता हो.
दूरदर्शन के सीरियल के फेमस एक्टर की आपबीती
एक्टर पवन मल्होत्रा ने अपने करियर को लेकर कहा कि 'अभी तक मैंने जितना भी काम किया है, उससे मैं काफी खुश हूं, चाहे मैं अपने टेलीविजन शो नुक्कड़, जमीन, आसमान, आहट सर्कस की बात करूं. या तो मैं अपनी फिल्में जैसे परदेस, भाग मिल्खा भाग, जब वी मेट और काफी फिल्में हैं. मुझे मेरे करियर में दो नेशनल अवार्ड्स मिले. इसके अलावा मुझे और दूसरे अवार्ड्स भी मिल चुके हैं. लेकिन जब नेशनल अवार्ड मिलता है तो उसकी खुशी अलग होती है. जितना मुझे ईश्वर ने दिया, उससे मैं काफी खुश और संतुष्ट हूं.'
पवन मल्होत्रा ने नुक्कड़ को लेकर कहा, 'सीरियल नुक्कड़ को आज भी लोग याद करते हैं. इस सीरियल को आए हुए 41 साल से ज्यादा हो चुके हैं. यह एक हिट शो था, लेकिन इस शो के सिर्फ 38 एपिसोड्स ही आए थे. अगर लोगों से इस शो के बारे में पूछा जाए तो कुछ लोग कहते हैं कि इसके 100 एपिसोड्स आए, कुछ लोग दूसरी बातें करते हैं. बता दूं, इस शो के इतने दिलचस्प किरदार थे, जिनको दर्शक आज भी याद करते हैं. शो की सारी कास्ट बहुत कोऑपरेटिव थी. लेकिन बाद में साल 1994 में नुक्कड़ का सेकंड पार्ट आया था. वह शो इतना सफल नहीं हो पाया और मैंने इस शो को बीच में छोड़ भी दिया था.'
उन्होंने नुक्कड़ को लेकर आगे बताय कि 'मैं साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया गया था. उस वक्त मैं एक रेस्टोरेंट में बैठा हुआ था, पीछे एक महिला थीं, वह नुक्कड़ का गाना गाने लगीं. नुक्कड़ का जो मेरे किरदार पर गाना था, वह काफी फेमस हुआ था. उस गाने को ही वह महिला गा रही थीं. मैंने उस महिला को पीछे मुड़कर देखा. उन्होंने मुझे बताया था कि जब हम हॉस्टल में थे, जब आपका ही गाना गुनगुनाते रहते थे. इससे यह पता चलता है कि आज भी इस शो को दर्शक भूले नहीं हैं.'
आजकल क्या कर रहे हैं पवन मल्होत्रा
उन्होंने बताया कि इस महीने मेरी दो फिल्में रिलीज हो रही हैं. पहली फिल्म उत्तर द पुत्तर है, इस फिल्म में अन्नू कपूर भी नजर आएंगे. फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके अलावा अमित राय की फिल्म ओ माय डॉग भी इस महीने 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. इन फिल्मों का एक्टर के फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. यह एक अलग ही फिल्म है, जो लोग जानवरों से प्यार करते हैं, वो इस फिल्म का मजा सिनेमाघरों में ले सकते हैं.
पवन ने तेलुगू, पंजाबी, हरियाणवी फिल्मों में काम किया है. पवन मल्होत्रा को ज्यादातर जमीन आसमान, सर्कस जैसे टेलीविजन शो से जाना जाता है. उन्होंने छोटे पर्दे पर नकारात्मक किरदार निभाए. उनको सबसे ज्यादा पहचान साल 2009 में आया सीरियल लागी तुझसे लगन से मिली थी. इसके अलावा वह ग्रहण, कोर्ट कचहरी, जैसे टेलीविजन शो में भी नजर आए. पवन मल्होत्रा हर किरदार को बहुत ही अलग तरीके से निभाते हैं. उनकाे बॉलीवुड का वर्सटाइल एक्टर कहा जाता है.
यह भी पढ़ें: सलमान खान की हीरोइन की पकड़ी गई चोरी, रील बनाने के लिए पीने लगी लस्सी, कैमरा ऑफ होते ही छोड़ा गिलास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं