Dhurandhar 2 Collection Day 10: धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार इतिहास रचती जा रही है. फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन भी जबरदस्त कमाई करते हुए अपनी रफ्तार कायम रखी है. सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने डे 10 पर करीब 38.18 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जिसके साथ ही इसका कुल इंडिया नेट कलेक्शन 754.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है. वहीं ग्रॉस कलेक्शन 900 करोड़ के पार निकल चुका है. खास बात यह है कि दूसरे वीकेंड में फिल्म की ऑक्यूपेंसी बढ़कर 54.4% हो गई है, जो दर्शकों के बढ़ते क्रेज को साफ दिखाती है.
दूसरे वीकेंड में फिर बढ़ी रफ्तार
रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म ने 10वें दिन शो की संख्या घटने के बावजूद शानदार पकड़ बनाए रखी. डे 9 पर जहां 18,456 शोज थे, वहीं डे 10 पर ये घटकर 13,558 रह गए, लेकिन ऑक्यूपेंसी में उछाल देखने को मिला. हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 35.70 करोड़ की कमाई की, जबकि तमिल और तेलुगु वर्जन ने क्रमशः 0.88 करोड़ और 1.60 करोड़ जोड़े. डे 9 पर 41.75 करोड़ की कमाई के बाद दूसरे हफ्ते का कलेक्शन तेजी से बढ़ रहा है और ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म जल्द ही 800 करोड़ के आंकड़े को पार कर सकती है.
यह भी पढ़ें: शाहरुख-प्रभास को पछाड़ रणवीर सिंह बने नए बॉक्स ऑफिस किंग, 3000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाले पहले एक्टर
कई ब्लॉकबस्टर को पीछे छोड़ रही फिल्म
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महज 10 दिनों में कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इसने पठान के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है और जवान के रिकॉर्ड के करीब पहुंच चुकी है. इतना ही नहीं, फिल्म की रफ्तार आरआरआर और केजीएफ: चैप्टर 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से भी तेज बताई जा रही है. वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म पहले हफ्ते में ही 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है. फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन जैसे सितारे नजर आ रहे हैं, जिसने इसे और भी बड़ा बना दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं