विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2025

तारे जमीन पर के सेट पर खूब डांट खाते थे दर्शील सफारी, एक्टर ने बताया उनके साथ क्यों होता था ऐसा

बॉलीवुड में वेब सीरीज गेमरलोग से शुरुआत करने जा रहे दर्शील ने 10 साल की उम्र में तारे जमीन पर में काम करने का अपना एक्सपीरियंस शेयर किया.

तारे जमीन पर के सेट पर खूब डांट खाते थे दर्शील सफारी, एक्टर ने बताया उनके साथ क्यों होता था ऐसा
दर्शील सफारी ने तारे जमीन पर की शूटिंग के दौरान अपने एक्सपीरियंस शेयर किए
Social Media
नई दिल्ली:

'सितारे जमीन पर' हाल ही में रिलीज हुई है और इस मौके पर सबको इसका प्रीक्वल 'तारे जमीन पर' भी याद आ रहा है जिसमें दर्शील सफारी मुख्य किरदार में थे. एनडीटीवी के साथ बातचीत के दौरान दर्शील ने साझा किए उस वक्त के कुछ खास पल, उन्होंने शूटिंग से पहले का वो किस्सा बताया जब आमिर खान उनके स्कूल पहुंचे थे. दर्शील ने कहा,  “मैं खुद को वाकई बहुत लकी मानता हूं. जब मैं स्कूल में था, तभी मुझे अपनी पहली फिल्म का मौका मिल गया. दिलचस्प बात ये रही कि आमिर खान सर खुद मेरे स्कूल आए थे. उन्होंने सीधे मेरे प्रिंसिपल से बात की थी. उस वक्त मैं बहुत डरा हुआ था. मन में एक ही डर था कि कहीं कोई शिकायत ना हो जाए, स्कूल वाले मना न कर दें. लेकिन सब कुछ बिल्कुल इसके उलट हुआ."

दर्शील ने कहा, मुझे आज भी याद है एक कमरे में मुझे बुलाया गया, जहां मेरे टीचर्स, प्रिंसिपल और कुछ सीनियर लोग थे. उन्होंने मुझे घेरकर डांटा नहीं, बल्कि बड़े ही प्यार और गंभीरता से समझाया कि एजुकेशन कितनी जरूरी है. उन्होंने ये भी कहा कि अभी शायद ये बातें तुम्हें इतनी अहम न लगें, लेकिन भविष्य में यही बातें तुम्हारी सबसे बड़ी ताकत बनेंगी.

"यही वो पल था जब मुझे ये एहसास हुआ कि पढ़ाई और करियर को साथ लेकर चलना जरूरी है और नामुमकिन नहीं. उसके बाद हर फिल्म के सेट पर मेरे साथ एक टीचर मौजूद रहता था. शूटिंग चाहे जितनी भी बिजी हो, मेरे सारे एग्जाम मैं स्कूल जाकर ही देता था. मुझे कभी कोई छूट नहीं मिली. एक भी ग्रेस मार्क, यहां तक कि आधा नंबर भी नहीं. मैं हर एग्जाम में बाकी स्टूडेंट्स के साथ बराबरी पर ही रहा."

"आज जब पीछे मुड़कर देखता हूं, तो महसूस करता हूं कि जो कुछ भी मैं आज हूं. उसमें मेरे स्कूल, कॉलेज, टीचर्स और प्रिंसिपल का बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने मुझे न सिर्फ करियर में आगे बढ़ने दिया, बल्कि जमीन से जोड़े भी रखा."

दर्शील हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज गेमरलोग में नजर आए, और उन्होंने बताया कि वो करीब 4 या 5 साल की उम्र से ई-गेम्स खेल रहे हैं. उन्होंने आगे कहा: “जब तारे जमीन पर रिलीज़ हुई थी, उस वक्त मैं सिर्फ 10 साल का था. यानी मैं बहुत छोटा था, लेकिन उससे भी पहले से मैं गेम्स खेल रहा था.

दरअसल, मैं उस उम्र में बहुत ही शरारती और एक्टिव बच्चा था. सेट पर भी अक्सर मेरे हाथ में कोई न कोई गेम रहता था. अगर आप तारे जमीन पर की मेकिंग के वीडियोज देखेंगे तो पाएंगे कि कई बार कैमरा के पीछे या ब्रेक के दौरान मैं गेम खेल रहा होता था.

ऐसे कई मौके आए जब मैं शूटिंग के दौरान डिस्ट्रैक्ट हो जाया करता था और जाहिर है, तब मुझे डांट भी पड़ती थी. लेकिन वो डांट भी एक सीख थी, क्योंकि उसी के जरिए मैंने प्रोफेशनलिज्म और अनुशासन की अहमियत को समझा.”

दर्शील ने बातों-बातों में बताया कि वो तारे जमीन पर के प्रीमियर पर गए थे और उन्होंने सितारों के साथ यानी फिल्म में नजर आए स्पेशल बच्चों के साथ एक प्रमोशनल वीडियो भी शूट किया था. उन्होंने ये भी कहा कि जब वो प्रीमियर पर पहुंचे तो इन खास बच्चों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. ये पल उनके लिए बेहद खास और भावुक कर देने वाला था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aamir Khan, Darsheel Safary, Aamir Khan Darsheel Safary, Aamir Khan Darsheel Safary Taare Zameen Par, Aamir Khan Taare Zameen Par, Darsheel Safary Taare Zameen Par
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com