तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता से राजनेता बने सी. जोसेफ विजय हाल ही में सेलम पहुंचे, जहां उनका एक बेहद भावुक पल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. विजय ने यहां एक बुजुर्ग महिला से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा. बातचीत के दौरान उन्होंने अपने आंखों से पहने हुए महंगे क्रिस्चियन डिओर के सनग्लासेज उतारकर महिला को दे दिए. महिला पहले इसे लेने में झिझकीं, लेकिन विजय के कहने पर उन्होंने चश्मा रख लिया. इस छोटे से तोहफे ने महिला का दिल जीत लिया. बाद में उन्होंने विजय को लेकर ऐसी बात कही, जिसने इस पूरे वाकये को और खास बना दिया.
सलेम में बुजुर्ग महिला से मिले विजय
विजय सेलम में मेट्टूर बांध के गेट खोलने और कावेरी डेल्टा में सांबा धान की खेती के लिए पानी छोड़ने पहुंचे थे. पावर स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने रास्ते में एक फार्महाउस का दौरा किया. यहीं उनकी मुलाकात चेल्लम नाम की बुजुर्ग महिला से हुई. विजय ने उनसे पूछा कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं. चेल्लम ने बताया कि उन्होंने खाना नहीं खाया, क्योंकि वह विजय से मिलने का इंतजार कर रही थीं. विजय ने उनके साथ चलते हुए उनका नाम और स्वास्थ्य भी पूछा.
उतारा अपना Dior चश्मा और कर दिया गिफ्ट
#WATCH | Salem | Tamil Nadu CM Joseph Vijay visits the house of a farmer and gifts his glasses to an elderly woman in Mettur
— ANI (@ANI) September 1, 2026
(Source: TN CMO) https://t.co/VQy07Jy7kt pic.twitter.com/NhZN3FfXmF
इसी मुलाकात के दौरान विजय ने अपना क्रिस्चियन डिओर सनग्लासेज उतारकर चेल्लम को दे दिया. क्रिस्चियन डिओर की आधिकारिक वेबसाइट पर इस मॉडल की कीमत 490 डॉलर बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 46 हजार रुपये से ज्यादा बैठती है. ब्लैक एसीटेट फ्रेम वाले इन चश्मों में नीले लेंस और सिल्वर फिनिश वाले डिजाइन की खासियत है. इनमें 100 प्रतिशत UVA/UVB प्रोटेक्शन का दावा भी किया गया है.
‘फिल्मों जैसे ही दिखते हैं', महिला ने कही दिल की बात
चेल्लम ने बताया कि शुरुआत में वह इतना महंगा चश्मा लेने के लिए तैयार नहीं थीं, लेकिन विजय ने उन्हें इसे रखने के लिए कहा. इस मुलाकात से वह इतनी खुश हुईं कि उन्होंने कहा कि विजय बिल्कुल वैसे ही दिखते हैं, जैसे फिल्मों में नजर आते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई विजय को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो वह उनका बचाव करेंगी.
दिलचस्प बात यह है कि विजय से मिलने की खुशी में चेल्लम अपनी परेशानियां बताना भी भूल गईं. उन्होंने बाद में बताया कि उम्र बढ़ने के कारण वह ज्यादा मेहनत नहीं कर पातीं, उनका राशन कार्ड भी खो गया है और वह कम मासिक सहायता पर निर्भर हैं. विजय ने उन्हें खाना खाने के लिए भी कहा. इस दौरान उन्होंने स्थानीय परिवार को धोती और साड़ी भी बांटी और खेती से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं