फिल्म निर्माता संदीप सिंह अपनी आने वाली बड़ी ऐतिहासिक फिल्म 'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' को बड़े स्तर पर बनाने की तैयारी कर रहे हैं. फिल्म में अभिनेता ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभाते नजर आएंगे. अब इस फिल्म को और खास बनाने के लिए निर्माताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक्शन टीम को शामिल किया है, जो फिल्म के युद्ध और एक्शन दृश्यों को शानदार बनाने पर काम करेगी. फिल्म के लिए मशहूर स्टंटमैन मार्क हेंसन को बुलाया गया है, जो 'गेम ऑफ थ्रोन्स', 'वाइकिंग्स', 'द विचर' और 'ग्रेविटी' जैसे चर्चित अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में अपने काम के लिए जाने जाते हैं.
ये भी पढ़ें: फेयर एंड लवली के ऐड से लेकर नेशनल अवॉर्ड विजेता बनने तक, बेस्ट एक्ट्रेस यामी गौतम का फिल्मी सफरनामा
हॉलीवुड स्टंटमैन
मार्क हेंसन फिल्म में बड़े स्तर के वॉर सीन्स को तैयार करने की जिम्मेदारी संभालेंगे. मार्क हेंसन के अलावा इस स्टंट टीम में व्लाद रिमबर्ग भी शामिल हैं, जिन्होंने 'द फेट ऑफ द फ्यूरियस', 'ब्लडशॉट' और 'लूसिफर' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है. वहीं, इस टीम को और मजबूत बनाते हुए क्रेग मैकरे भी जुड़े हैं, जिनका अंतरराष्ट्रीय अनुभव 'ट्रॉय: फॉल ऑफ अ सिटी' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स तक फैला हुआ है.
500 करोड़ का बजट
निर्माताओं की ओर से जारी बयान के अनुसार, फिल्म का मकसद मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस, नेतृत्व क्षमता और सैन्य कौशल को बड़े पर्दे पर भव्य रूप में पेश करना है. फिल्म को इस तरह बनाने की तैयारी है कि यह भारत के साथ-साथ दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंच सके.'द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज' को करीब 500 करोड़ रुपए के बड़े बजट में बनाया जा रहा है.
अन्य फिल्में
फिल्म में ऋषभ शेट्टी के साथ अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. ऋषभ शेट्टी इससे पहले 'बेल बॉटम', 'गरुड़ गमना वृषभ वाहन' और 'कांतारा' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बना चुके हैं. खासतौर पर 'कांतारा' उनकी सबसे बड़ी सफल फिल्मों में शामिल रही, जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला. वहीं, फिल्म निर्माता संदीप सिंह भी हिंदी सिनेमा में कई चर्चित फिल्मों के निर्माण के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 'मैरी कॉम', 'अलीगढ़', 'सरबजीत', 'भूमि', 'पीएम नरेंद्र मोदी' और 'झुंड' जैसी फिल्मों का निर्माण किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं