फिल्मों की शूटिंग की बात आते ही लोगों के दिमाग में बड़े-बड़े सेट, स्टार्स के साथ तस्वीरें और पर्दे के पीछे की ग्लैमरस दुनिया का ख्याल आता है. आखिर रोज सितारों, महंगे सेट और शानदार लोकेशंस के बीच रहने वाले फिल्म प्रोड्यूसर के पास यादों का खजाना भी कुछ ऐसा ही होगा. लेकिन बॉलीवुड प्रोड्यूसर प्रज्ञा कपूर ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने फिल्ममेकिंग का बिल्कुल अलग पहलू दिखाया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि अगर आप सोचते हैं कि किसी फिल्म प्रोड्यूसर के फोन में सेट की ढेर सारी शानदार तस्वीरें होंगी, तो हकीकत कुछ और भी हो सकती है. उनके लिए सबसे कीमती यादें तस्वीरें नहीं, बल्कि सालों पुराने बिल और इनवॉइस हैं, जिनके साथ फिल्मों की अनगिनत कहानियां जुड़ी हुई हैं. यही वजह है कि उनकी यह रील सोशल मीडिया पर लोगों को खूब पसंद आ रही है.
पर्दे पर दिखती है सिर्फ फिल्म... पीछे छिपी होती है हजारों छोटी कहानियां
फिल्म बनते हुए पर्दे पर सिर्फ दो-तीन घंटे की कहानी दिखाई देती है, लेकिन उसके पीछे महीनों की भागदौड़, हजारों फैसले और अनगिनत छोटी-छोटी तैयारियां छिपी होती हैं. दर्शकों को बड़े स्टार्स, महंगे सेट और शानदार लोकेशन नजर आती हैं, लेकिन एक प्रोड्यूसर की नजर अक्सर उन चीजों पर होती है, जिन पर शायद किसी का ध्यान भी नहीं जाता. कभी किसी सीन के लिए चप्पल खरीदनी है, कभी एक खास रंग का कपड़ा ढूंढना है, तो कभी आखिरी वक्त पर ज्वेलरी, प्रिंटिंग या दूसरे सामान का इंतजाम करना है. शायद यही वजह है कि कई प्रोड्यूसर्स के लिए फिल्मों की सबसे बड़ी यादें खूबसूरत तस्वीरें नहीं, बल्कि ऐसे बिल और इनवॉइस बन जाते हैं, जिन्हें आम लोग अगले ही दिन फेंक देते हैं.
ये भी पढ़ें- करण सिंह ग्रोवर का डॉक्टर बनकर 16 साल बाद कमबैक, प्राइम वीडियो की नंबर वन सीरीज के प्रोमो में आए डॉक्टर अरमान
प्रज्ञा कपूर ने दिखाई अपनी 'यादों की फाइल'
प्रज्ञा कपूर ने भी सोशल मीडिया पर अपनी ऐसी ही यादों की एक झलक दिखाई. उन्होंने सेट की तस्वीरों की बजाय सालों पुराने बिल और इनवॉइस शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पास कूल तस्वीरें नहीं, लेकिन उनसे भी ज्यादा दिलचस्प कहानियां जरूर हैं. रील देखकर ऐसा लगता है, जैसे कोई पुरानी डायरी पलट रहा हो. हर बिल किसी शूटिंग, किसी लोकेशन, किसी सीन या किसी भागदौड़ की याद दिलाता होगा. फिल्म बनते वक्त कौन सोचता है कि एक दिन चप्पलों, कॉस्ट्यूम, ज्वेलरी या प्रिंटिंग के बिल भी यादगार बन जाएंगे.
लोगों ने कहा, 'यही है असली बिहाइंड द सीन्स'
प्रज्ञा कपूर की इस रील को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है. कमेंट सेक्शन में लोगों ने दिलचस्प रिएक्शन दिए. कुछ यूजर्स ने लिखा कि यही तो फिल्म इंडस्ट्री का असली 'बिहाइंड द सीन्स' है, जबकि कुछ ने मजाक में कहा कि अब समझ आया, फिल्म प्रोड्यूसर की सबसे कीमती यादें आखिर होती क्या हैं. यही वजह है कि प्रज्ञा कपूर की यह हल्की-फुल्की रील सिर्फ एक मजेदार पोस्ट नहीं, बल्कि फिल्ममेकिंग की उस दुनिया की झलक भी देती है, जो अक्सर कैमरे के पीछे रह जाती है.
ये भी पढ़ें- वेलकम टू द जंगल में दिखा दूरदर्शन की महाभारत का कनेक्शन, फर्स्ट डे फर्स्ट शो पर खुला राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं