कई फिल्मों की किस्मत शूटिंग शुरू होने से पहले ही बदल जाती है. लेकिन कुछ ऐसी भी होती हैं जिनकी कहानी पर्दे के पीछे किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं होती. एक ऐसी ही फिल्म की शुरुआत 1983 में हुई थी. बड़े सितारे जुड़ चुके थे, शूटिंग भी शुरू हो गई थी. लेकिन अचानक पूरा प्रोजेक्ट बंद हो गया. इसके बाद सालों तक फिल्म का कोई नामोनिशान दिखाई नहीं दिया. फिर करीब 17 साल बाद वही कहानी नए कलाकारों के साथ दोबारा पर्दे पर आई और बॉक्स ऑफिस पर कामयाब साबित हुई. सबसे दिलचस्प बात ये रही कि बेटे ने वही किरदार निभाया, जिसे कभी उसके पिता निभाने वाले थे.
17 साल तक अटकी रही फिल्म
ये फिल्म थी 'बिच्छू', जो साल 2000 में रिलीज हुई. लेकिन इसकी असली कहानी इससे करीब 17 साल पहले शुरू हुई थी. शुरुआती योजना के मुताबिक फिल्म का प्रोडक्शन खुद धर्मेंद्र करने वाले थे और वो ही इसके हीरो भी थे. उनके साथ लीड रोल के लिए शबाना आजमी को चुना गया था. बताया जाता है कि फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल भी पूरा हो चुका था. शुरुआत में इसे मशहूर डायरेक्टर राज खोसला के डायरेक्शन में बनाने की प्लानिंग थी. लेकिन उनके निधन के बाद ये जिम्मेदारी सई परांजपे को मिलने वाली थी. इस बीच प्रोड्यूसर के तौर पर शशि कपूर से भी बात हुई, लेकिन उन्होंने इस प्रोजेक्ट से दूरी बना ली. कई बदलावों और मुश्किलों के बीच आखिरकार फिल्म बंद हो गई और ये प्रोजेक्ट लंबे समय के लिए ठंडे बस्ते में चला गया.

17 साल बाद बॉबी देओल बने हीरो
साल 2000 में यही कहानी नए अंदाज में बड़े पर्दे पर लौटी. इस बार लीड रोल में बॉबी देओल और रानी मुखर्जी नजर आए. खास बात ये रही कि बॉबी ने वही किरदार निभाया. जिसे कभी उनके पिता धर्मेंद्र निभाने वाले थे. इस तरह बेटे ने अपने पिता का अधूरा सपना पूरा किया. रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. शुरुआत में इसे सेमी हिट माना गया. लेकिन समय के साथ इसकी पॉपुलेरिटी बढ़ती गई और ये कामयाब फिल्मों में गिनी जाने लगी. फिल्म की कहानी 1994 की फ्रेंच-इंग्लिश फिल्म लियोन द प्रोफेशनल से इंस्पायर थी. फिल्म में आशिष विद्यार्थी, फरीदा जलाल, सचिन खेडेकर और मलाइका अरोड़ा भी अहम भूमिकाओं में नजर आए. आज भी 'बिच्छू' को बॉबी देओल के करियर की यादगार फिल्मों में गिना जाता है और समय-समय पर इसके सीक्वल की चर्चाएं भी सामने आती रहती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं