बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि एक क्रिप्टिक सोशल मीडिया पोस्ट है. अर्जुन कपूर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर लिखा, "अंत को स्वीकार कर लो. भले ही यह उस तरह समाप्त न हुआ हो जैसा आप चाहते थे". इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस के बीच हलचल मच गई और कई लोग इसे उनके करियर या निजी जिंदगी से जोड़कर देखने लगे. कुछ यूजर्स यह तक सवाल उठाने लगे कि क्या अर्जुन कपूर एक्टिंग से दूरी बनाने वाले हैं या फिर यह किसी निजी बदलाव की ओर इशारा है.
करियर की शुरुआत और उतार-चढ़ाव
अर्जुन कपूर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत साल 2012 में फिल्म इशकजाड़े से की थी, जिसमें उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया. इसके बाद उन्होंने 2 स्टेट्स, गुंडे और की एंड का जैसी फिल्मों में काम किया. हालांकि शुरुआती सफलता के बाद उनके करियर में कई फ्लॉप फिल्में भी आईं, जिसके चलते वह अक्सर आलोचनाओं का सामना करते रहे. सोशल मीडिया पर अर्जुन कपूर को सबसे ज्यादा ट्रोल किए जाने वाले अभिनेताओं में गिना जाता है. उनकी फिल्मों के चुनाव और परफॉर्मेंस को लेकर अक्सर यूजर्स उन्हें निशाने पर लेते हैं, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार इंडस्ट्री में बने हुए हैं.

मलाइका अरोड़ा संग रिश्ता और ब्रेकअप
अर्जुन कपूर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहे हैं. खासकर उनका रिश्ता मलाइका अरोड़ा के साथ काफी चर्चा में रहा. दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया और कई इवेंट्स में साथ नजर आए. हालांकि हाल ही में दोनों के ब्रेकअप की खबरों ने फैंस को चौंका दिया. ऐसे में अर्जुन कपूर का यह पोस्ट आखिर किस ओर इशारा करता है, इसे लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है. कुछ फैंस का मानना है कि यह उनके निजी जीवन से जुड़ा हो सकता है, जबकि कुछ इसे उनके करियर के किसी फैसले से जोड़ रहे हैं.
.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं