अक्षय कुमार जल्द प्रियदर्शन की फिल्म 'हैवान' में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म में उनके साथ सैफ अली खान दिखाई देंगे. 'हैवान' 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्म हैं, क्योंकि अक्षय कुमार फिल्म के अंदर विलेन का रोल प्ले कर रहे हैं. ऐसे में उनके फैंस फिल्म 'हैवान' को लेकर काफी एक्साइटेड दिख रहे हैं. लेकिन इस फिल्म के लिए अक्षय कुमार पहली पसंद नहीं थे. इस बात का खुलासा खुद 'हैवान' के डायरेक्टर प्रियदर्शन ने किया है.
ये भी पढ़ें; एक साथ 6 भाषाओं में आएगा बिग बॉस, सलमान खान से लेकर विजय सेतुपति तक करेंगे होस्ट
बॉबी देओल, अक्षय खन्ना पहली पसंद
प्रियदर्शन ने हाल ही में मिड-डे से बातचीत की और 'हैवान' के बारे में कई खुलासे किए. उन्होंने बताया कि अक्षय कुमार इस फिल्म से अचानक जुड़े. वह 'हैवान' के लिए पहली पसंद नहीं थे. प्रियदर्शन ने कहा है कि फिल्म में विलेन के रोल के लिए बॉबी देओल उनकी पहली पसंद थे, जबकि अक्षय खन्ना और सुनील शेट्टी के नामों पर भी विचार किया गया था.उन्होंने कहा, 'जब मैंने सबसे पहले सैफ को फिल्म की कहानी सुनाई, तो उन्होंने मुझसे पूछा कि विलेन का रोल कौन करेगा. मैंने बॉबी देओल से बात की, लेकिन बॉबी अपने रोल से खुश नहीं थे. हालांकि, इसके लिए मैं उन्हें दोष नहीं दे सकता. फिर मैंने अक्षय खन्ना के बारे में सोचा और उनसे कहा कि मैं उन्हें एक कहानी सुनाना चाहता हूं. उन्होंने मुझे मिलने के लिए बुलाया. मैंने सोचा कि अगर उन्होंने मना कर दिया, तो मैं सुनील शेट्टी के पास जाऊंगा.'
अचानक आई अक्षय के पास फिल्म
प्रियदर्शन ने आगे कहा, 'अक्षय खन्ना से मिलने से पहले 'भूत बंगला' की शूटिंग के दौरान मैंने अक्षय से फिल्म के बारे में यूं ही बात की थी. जब मैंने उन्हें कहानी सुनाई, तो उन्होंने मुझसे कहा, 'मैं यह फिल्म क्यों नहीं कर सकता?'' शुरुआत में, निर्देशक ने इस भूमिका के लिए अक्षय के बारे में नहीं सोचा था क्योंकि यह अभिनेता की हालिया स्क्रीन इमेज से बिल्कुल अलग थी. उन्होंने बताया, 'अक्षय को यह किरदार बहुत पसंद आया. शूटिंग के दौरान, सैफ ने मुझसे कहा, 'मेरे खिलाफ यह भूमिका निभाकर, अक्षय ने मुझे सबसे अच्छा तोहफा दिया है'.
हैवान के लुक
आपको बता दें कि 'हैवान' में अक्षय कुमार और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं और इस फिल्म के साथ प्रियदर्शन इन दोनों ही एक्टर्स के साथ फिर से काम कर रहे हैं. हाल ही में फिल्म से जुड़े दोनों कलाकारों के फर्स्ट लुक रिलीज हुए, जिसे खूब पसंद किया गया. प्रियदर्शन की हालिया कॉमेडी फिल्मों से अलग,'हैवान' एक ज़बरदस्त एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जो शिकारी और शिकार के बीच चूहे-बिल्ली के तनावपूर्ण खेल पर आधारित है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं