उरी द सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दिसंबर 2025 में आई धुरंधर और अप्रैल 2026 धुरंधर द रिवेंज ने आदित्य धर को टॉप डायरेक्टर्स की लिस्ट में शुमार कर दिया. हालांकि हाल ही में नेशनल अवॉर्ड में उनकी उस फिल्म का जलवा रहा, जो बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई थी. हालांकि सोशल मीडिया पर फिल्म को खूब तारीफें मिली थीं. लेकिन अब इसी फिल्म का नेशनल अवॉर्ड में जलवा रहा, जिसे तीन नेशनल अवॉर्ड मिलने का ऐलान किया गया. फिल्म निर्माता आदित्य धर ने फिल्म 'आर्टिकल 370' के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर आभार व्यक्त किया है. आदित्य धर ने हाल ही में 'धुरंधरः द रिवेंज' का निर्देशन किया. फिल्म 'आर्टिकल 370' ने सर्वश्रेष्ठ संगीत, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए 3 पुरस्कार जीतकर राष्ट्रीय पुरस्कारों में अपना दबदबा कायम किया. आदित्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक लंबा नोट लिखा.
आर्टिकल 370 को मिले 3 नेशनल अवॉर्ड तो गदगद हुए आदित्य धर
उन्होंने कहा, "'आर्टिकल 370' के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार जीतना एक ऐसा क्षण है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है. यह मेरे लिए गर्व की बात है, बेहद भावुक कर देने वाला है और मेरे दिल को अपार कृतज्ञता से भर देता है. जब हमने इस फिल्म को बनाना शुरू किया था, तब हमारा मकसद पुरस्कारों के पीछे भागना नहीं था. हम एक दृढ़ विश्वास से प्रेरित थे, एक ऐसी कहानी को ईमानदारी, साहस और निष्ठा के साथ कहना. अब यह देखना वाकई बहुत भावुक कर देने वाला है कि देश भर के दर्शकों ने इस सफर को इतना पसंद किया और अब इसे भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सम्मान से नवाजा जा रहा है.”

ये भी पढ़ें- रविद्रनाथ टैगोर की 126 पुरानी कविता से है दीपिका-रणवीर के पॉपुलर गाने का रिश्ता, गुजरात का है मशहूर लोकगीत
आदित्य धर ने किया धन्यवाद
उन्होंने आगे कहा, "इस अविश्वसनीय सम्मान के लिए मैं सम्मानित जूरी का तहे दिल से आभारी हूं और उन सभी लोगों का भी जिन्होंने 'आर्टिकल 370' को देखा, समर्थन दिया, इस पर बहस की और इस पर विश्वास किया. आपके प्यार ने इस फिल्म को पर्दे से परे एक जीवंतता दी. यह सम्मान हमारे असाधारण निर्देशक आदित्य सुहास जांभले का है, जिनकी दूरदृष्टि और दृढ़ विश्वास ने हर दृश्य को आकार दिया. यामी गौतम धर और प्रियामणि का भी, जिन्होंने अपने अभिनय में इतनी गहराई, शक्ति और प्रामाणिकता लाई. शाश्वत सचदेव का भी, जिनका संगीत हमारी फिल्म की आत्मा बन गया. हमारी कास्ट और क्रू के हर सदस्य का भी, जिनकी अथक मेहनत, जुनून और विश्वास ने असंभव को संभव कर दिखाया."
जियो स्टूडियोज की अध्यक्ष ने कहा- दूरदृष्टि कभी नहीं डिगी
जियो स्टूडियोज की अध्यक्ष ज्योति देशपांडे ने कहा, "आर्टिकल 370 के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार जीतना जियो स्टूडियोज में हम सभी के लिए बेहद भावुक क्षण है. मैं इस फिल्म में अपना दिल लगाने वाले हर व्यक्ति के प्रति गहरी कृतज्ञता, विनम्रता और गर्व महसूस करती हूं. हमने इस सफर की शुरुआत पुरस्कारों को ध्यान में रखकर नहीं की थी. हमारा मानना था कि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे ईमानदारी, साहस और दृढ़ विश्वास के साथ बताया जाना चाहिए. दर्शकों के दिलों को छूते हुए और अब भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान से नवाजे जाना हमारे लिए बेहद गर्व का क्षण है. इस सम्मान के लिए सम्मानित जूरी और आर्टिकल 370 को देखने, अपनाने, इस पर चर्चा करने और इसका समर्थन करने वाले हर दर्शक के प्रति मेरी हार्दिक कृतज्ञता. यह सम्मान हमारे अद्भुत निर्देशक आदित्य सुहास जांभले का है, जिनकी दूरदृष्टि कभी नहीं डिगी. यामी गौतम धर का भी, जिन्होंने अपने अभिनय में ईमानदारी और भावनात्मक गहराई लाई. शाश्वत सचदेव का भी, जिनका संगीत फिल्म की धड़कन बन गया."
ज्योति देशपांडे ने कहा- अनुच्छेद 370 को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है
उन्होंने आगे कहा, "हमारी पूरी कास्ट और क्रू के हर सदस्य को, जिनके जुनून, लगन और समर्पण ने इस सफर को मुमकिन बनाया. सबसे बढ़कर आदित्य धर, जो शब्दों से परे खास हैं, और लोकेश धर, बी62 में हमारे सहयोगी, जिनका इस कहानी पर विश्वास कभी नहीं डिगा. उनके साथ इस सफर को साझा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात रही है. जियो स्टूडियोज में हम हमेशा से मानते आए हैं कि सार्थक कहानियों में लोगों को प्रभावित करने, सोचने पर मजबूर करने और अमिट छाप छोड़ने की शक्ति होती है. यह सम्मान हमारे इस विश्वास को और मजबूत करता है और हमें उन कहानीकारों का समर्थन करते रहने के लिए प्रेरित करता है जो उद्देश्य और प्रामाणिकता के साथ कहानियां कहने का साहस रखते हैं. यह उत्सव उन सभी लोगों का है, जिन्होंने अनुच्छेद 370 को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है."
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं