ऐसा कम ही हुआ है, जब तीनों खान एक साथ नजर आए. हालांकि, इस बार किसी फिल्म के बजाय म्यूजिक ने इन तीनों सुपरस्टार्स को एक साथ लाया है. ये सुपरस्टार्स एक साथ 'आशा फॉरएवर' (Asha Forever) का हिस्सा बनेंगे. इस प्रोजेक्ट का आइडिया तब आया था, जब आशा भोसले जीवित थीं और रहमान इस ट्रिब्यूट से जुड़ी रिकॉर्डिंग पर काम कर रहे थे. 12 अप्रैल, 2026 को 92 साल की उम्र में उनके निधन के बाद, अब 'आशा फॉरएवर' को उनकी संगीत विरासत के जश्न के तौर पर पूरा किया जा रहा है.
आशा भोसले का प्लेबैक सिंगर के तौर पर आखिरी गाना
आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल, 2026 को हुआ था. 'आशा फॉरएवर' एआर रहमान की अगुवाई में एक ट्रिब्यूट म्यूजिक वीडियो है. यह आशा भोसले के जीवनकाल में ही बन रहा था. एआर रहमान को उम्मीद थी कि वह खुद तैयार प्रोजेक्ट को देखेंगी. इस साल की शुरुआत में जारी एक टीजर में रिकॉर्डिंग में शामिल म्यूजिशियन्स के साथ आशा भोसले की झलकियां दिखाई गई थीं. ट्रिनिटी लाबन के म्यूजिशियन्स भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं. यह ट्रिब्यूट इसलिए और भी खास है क्योंकि रहमान और आशा भोसले का अपना म्यूजिकल जुड़ाव रहा है.
यह भी पढ़ें- क्या ग्रीक गॉड जैसे दिखते हैं ऋतिक रोशन? क्या कहती हैं ग्रीस की महिलाए, देखें मजेदार वीडियो
आमिर, शाहरुख और सलमान बनें इसका हिस्सा
ए आर रहमान ने 'आशा फॉरएवर' से जुड़ने वाले नामों का खुलासा किया है. इस प्रोग्राम से शाहरुख पहले जुड़े, उसके बाद सलमान का नाम सामने आया, फिर आमिर इसका हिस्सा बनें. रहमान ने सलमान को भी इस श्रद्धांजलि का हिस्सा बताते हुए दिवंगत सिंगर के लिए उनके लगाव का जिक्र किया. तीनों को एक साथ देखना इसलिए भी खास है क्योंकि हिंदी सिनेमा में तीन दशक से ज्यादा समय बिताने के बावजूद, उन्होंने कभी भी एक साथ किसी फिल्म में एक साथ काम नहीं किया.
'आशा फॉरएवर' में और कौन-कौन शामिल हो रहा है?
यह श्रद्धांजलि सिर्फ खांस तक ही सीमित नहीं है. कमल हासन के अलावा फिल्ममेकर करण जौहर भी इस प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा हैं. 'आशा फॉरएवर' उस समय आया है, जब आशा भोसले की आखिरी फीचर-फिल्म प्लेबैक रिकॉर्डिंग की खबर आई है, लेकिन ये दोनों अलग-अलग प्रोजेक्ट हैं. उनका आखिरी रिकॉर्ड किया गया फिल्मी गाना 'ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहां' है, जो डायरेक्टर हरीश व्यास की आने वाली फिल्म 'ओम का हरि' का है. 2023 के आखिर में रिकॉर्ड किया गया यह गाना 8 सितंबर, 2026 को भोसले के जन्मदिन पर रिलीज होगा.
यह भी पढ़ें-'मुझे विदा करो', आवारापन विवाद के बाद अमाल मलिक ने लिया फिल्म म्यूजिक से ब्रेक, पोस्ट में कही ये बात
इस फिल्म में अंशुमन झा, रघुबीर यादव, सोनी राजदान और आयशा कपूर हैं. कहानी पिता-पुत्र के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें पीढ़ीगत मतभेद और अनकही भावनाएं दिखाई गई हैं.
सात दशकों के करियर में भोसले ने 12,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए और फिल्मी संगीत, पॉप, गजल, शास्त्रीय संगीत और कई भारतीय भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा. 'पिया तू अब तो आजा', 'दम मारो दम', 'चुरा लिया है तुमने जो दिल को' और 'ये मेरा दिल' उनके सबसे मशहूर गानों में से हैं. हालांकि अभी पूरे 'आशा फॉरएवर' म्यूजिक वीडियो की रिलीज की तारीख का ऐलान नहीं किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं