विज्ञापन

78 साल पुराना वो गाना, लता मंगेशकर की आवाज को पतला कहकर किया गया था रिजेक्ट, रेलवे स्टेशन पर सिगरेट की डिब्बी से बनी धुन, गीत बन गया इतिहास

लता मंगेशकर को करियर की शुरुआत में अपनी आवाज के कारण रिजेक्शन झेलना पड़ा था. लेकिन एक संगीतकार के भरोसे और रेलवे स्टेशन पर बने एक खास धुन ने उनकी जिंदगी में नया मोड़ ला दिया.

78 साल पुराना वो गाना, लता मंगेशकर की आवाज को पतला कहकर किया गया था रिजेक्ट, रेलवे स्टेशन पर सिगरेट की डिब्बी से बनी धुन, गीत बन गया इतिहास
पतली आवाज की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया था लता मंगेशकर का ये गाना

हिंदी सिनेमा में लता मंगेशकर की आवाज की अपनी अलग पहचान रही है. उनके गाए गीतों ने कभी मोहब्बत का एहसास कराया, तो कभी जुदाई का दर्द बयां किया. आज उनकी आवाज के बिना हिंदी फिल्म संगीत की कल्पना करना भी मुश्किल है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि करियर की शुरुआत में एक फिल्म निर्माता ने उनकी आवाज को यह कहकर ठुकरा दिया था कि वह बहुत पतली है? इस मुश्किल वक्त में संगीतकार मास्टर गुलाम हैदर ने लता मंगेशकर का साथ दिया. इसके बाद रेलवे स्टेशन पर सिगरेट की डिब्बी से ताल बनाते हुए एक ऐसे गाने की धुन तैयार हुई, जिसने आगे चलकर इतिहास रच दिया. यह किस्सा साल 1948 में आई फिल्म ‘मजबूर' के गीत से जुड़ा है.

78 साल पुराना वो गाना, जिसने लता मंगेशकर को दिलाई पहचान

साल 1948 में रिलीज हुई फिल्म ‘मजबूर' का गाना ‘दिल मेरा तोड़ा, मुझे कहीं का न छोड़ा' आज भी पुराने हिंदी फिल्मी गीतों को पसंद करने वालों के बीच याद किया जाता है. इस गीत को लता मंगेशकर ने अपनी आवाज दी थी, जबकि इसका संगीत मास्टर गुलाम हैदर ने तैयार किया था. यह वह दौर था, जब लता मंगेशकर फिल्म संगीत की दुनिया में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं. उनकी आवाज में एक अलग मिठास थी, लेकिन उस समय के कुछ फिल्मकार गायकी के दूसरे अंदाज को पसंद करते थे. ऐसे में गुलाम हैदर ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ने का मौका देने की कोशिश की.

जब निर्माता ने पतली आवाज बताकर कर दिया रिजेक्ट

लता मंगेशकर को फिल्मों में गाने का मौका दिलाने के लिए मास्टर गुलाम हैदर उन्हें निर्माता शशधर मुखर्जी के पास लेकर गए थे. बताया जाता है कि लता की आवाज सुनने के बाद मुखर्जी ने उसे पतला बताते हुए अपनी फिल्म के लिए उपयुक्त नहीं माना. उनके इस फैसले से गुलाम हैदर निराश जरूर हुए, लेकिन उन्हें लता की काबिलियत पर पूरा भरोसा था.

गुलाम हैदर ने उसी समय भविष्यवाणी की थी कि एक दिन हिंदी सिनेमा में ऐसा आएगा, जब फिल्म निर्माता लता मंगेशकर से अपने गाने गवाने के लिए उनके पास कतार लगाएंगे. बाद के वर्षों में लता की लोकप्रियता ने इस भरोसे को सही साबित कर दिया. उनकी आवाज हिंदी फिल्म संगीत का अहम हिस्सा बन गई.

रेलवे स्टेशन पर सिगरेट की डिब्बी से तैयार हुई धुन

इस गीत से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी मशहूर है. बताया जाता है कि शशधर मुखर्जी से मुलाकात के बाद रेलवे स्टेशन पर इंतजार करते हुए गुलाम हैदर ने सिगरेट की डिब्बी पर ताल बजाई और लता मंगेशकर के साथ गाने की धुन पर काम किया. इसी तरह तैयार हुआ गीत आगे चलकर फिल्म ‘मजबूर' का हिस्सा बना.

ये भी पढ़ें: दूरदर्शन पर सुबह 7 से रात 10:40 बजे तक क्या-क्या आता था, समाचार, पुराने गाने, सुपरहिट सीरियल और फिल्में, 90s के इस TV शेड्यूल में लौट आएगा बचपन

लता की आवाज और गुलाम हैदर के संगीत ने इस गीत को यादगार बना दिया. वक्त के साथ लता मंगेशकर ने एक से बढ़कर एक सुपरहिट गाने दिए और अपनी गायकी से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया. उनकी कामयाबी की कहानी यह भी बताती है कि किसी कलाकार की प्रतिभा को शुरुआती दौर में नकार देना उसकी मंजिल तय नहीं करता. कई बार वही आवाज आगे चलकर इतिहास रच देती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lata Mangeshkar, Majboor, Lata Mengeshkar Songs, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com