विज्ञापन

47 साल पुरानी हॉरर मूवी, खौफ ऐसा मां-बाप ने बेटी को लाल जोड़ा पहनाना कर दिया था बंद, 1 करोड़ की फिल्म ने कमाए 9 करोड़

साल 1979 में आई एक हॉरर फिल्म ने ऐसा खौफ पैदा किया कि लोग सिनेमाघरों से निकलने के बाद भी उसकी कहानी नहीं भूल पाए. कहा जाता है कि फिल्म का असर इतना गहरा था कि कई परिवारों ने अपनी बेटियों को शादी में लाल जोड़ा पहनाने तक से परहेज करना शुरू कर दिया था.

47 साल पुरानी हॉरर मूवी, खौफ ऐसा मां-बाप ने बेटी को लाल जोड़ा पहनाना कर दिया था बंद, 1 करोड़ की फिल्म ने कमाए 9 करोड़
जानी दुश्मन के सस्पेंस ने उड़ाई कई लोगों की नींद
Social Media
नई दिल्ली:

आज के दौर में हॉरर फिल्में दर्शकों को डराने के लिए वीएफएक्स और हाईटेक इफेक्ट्स का सहारा लेती हैं. लेकिन 47 साल पहले एक ऐसी फिल्म आई थी, जिसने बिना बड़े-बड़े तकनीकी कमाल के लोगों के दिलों में ऐसा डर बैठा दिया कि उसकी चर्चा सालों तक होती रही. कहा जाता है कि इस फिल्म का असर इतना गहरा था कि कई परिवारों ने अपनी बेटियों को शादी में लाल जोड़ा पहनाने से भी परहेज करना शुरू कर दिया था. हम बात कर रहे हैं साल 1979 में रिलीज हुई सुपरहिट हॉरर-थ्रिलर फिल्म 'जानी दुश्मन' की जिसने उस दौर में सिनेमाघरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगवा दी थीं. फिल्म का रहस्य और डर लोगों को आखिरी सीन तक सीट से चिपकाए रखता था.

हर दुल्हन पर मंडराता था मौत का साया

फिल्म की कहानी एक ऐसे रहस्यमयी हत्यारे के इर्द-गिर्द घूमती है जो लाल जोड़ा पहनी नई नवेली दुल्हनों को अपना शिकार बनाता है. गांव में जब भी किसी की शादी होती, लोगों के मन में डर बैठ जाता कि कहीं अगली बारी उसी घर की तो नहीं. एक के बाद एक होने वाली रहस्यमयी मौतों ने कहानी को इतना रोमांचक बना दिया कि दर्शक आखिर तक असली सच नहीं समझ पाते थे.

आखिर कौन था असली कातिल?

'जानी दुश्मन' की सबसे बड़ी ताकत उसका सस्पेंस था. फिल्म खत्म होने तक दर्शक यही सोचते रहते थे कि आखिर इन हत्याओं के पीछे कौन है. यही वजह थी कि लोग एक बार नहीं, कई बार फिल्म देखने पहुंच जाते थे. उस दौर में इस तरह का सस्पेंस दर्शकों के लिए बिल्कुल नया अनुभव था.

Jaani dushman horror movie

Photo Credit: social media

सितारों की ऐसी फौज, जो कम ही देखने को मिलती है

हॉरर फिल्मों में आमतौर पर बड़े चेहरे कम दिखाई देते थे लेकिन 'जानी दुश्मन' ने ये ट्रेंड बदल दिया. फिल्म में सुनील दत्त, शत्रुघ्न सिन्हा, जितेंद्र, संजीव कुमार, विनोद मेहरा, प्रेमनाथ, रीना रॉय, रेखा, नीतू सिंह और योगिता बाली जैसे कई बड़े नाम नजर आए. इतनी बड़ी स्टारकास्ट होने के बावजूद कहानी का रहस्य कहीं भी कमजोर नहीं पड़ा.

डर के साथ गानों का भी लगा तड़का

फिल्म में डर के साथ शानदार संगीत का भी जबरदस्त मेल देखने को मिला. लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के संगीत ने कहानी के माहौल को और प्रभावी बना दिया. जंगल, धुंध, सुनसान रास्ते और डरावना बैकग्राउंड म्यूजिक दर्शकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाता था.

1 करोड़ की फिल्म ने कर दी छप्परफाड़ कमाई

विकिपीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक 'जानी दुश्मन' को बनाने में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च हुए थे. उस समय ये बड़ी रकम मानी जाती थी. लेकिन जब फिल्म रिलीज हुई तो इसने बॉक्स ऑफिस पर करीब 9 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया. फिल्म साल की सबसे बड़ी हिट्स में शामिल हुई और प्रोड्यूसर को कई गुना फायदा पहुंचाया.

आज भी कायम है फिल्म का खौफ

रिलीज के करीब पांच दशक बाद भी 'जानी दुश्मन' का नाम भारतीय हॉरर फिल्मों की सबसे यादगार फिल्मों में लिया जाता है. इसकी कहानी, रहस्य, डर और शानदार स्टारकास्ट आज भी लोगों को आकर्षित करती है. यही वजह है कि जब भी बॉलीवुड की सबसे खौफनाक और पॉपुलर फिल्मों की बात होती है, तो 'जानी दुश्मन' का जिक्र जरूर होता है.

यह भी पढ़ें: Border 3: बॉर्डर 3 का ऐलान, जानें कौन हैं जनरल हरबख्श सिंह जिनकी जिंदगी पर बनेगी फिल्म

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaani Dushman, Jaani Dushman Story, Jeetendra, Sanjeev Kumar, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com