विज्ञापन

33 साल पुराना गाना, 26 साल की माधुरी दीक्षित के लटके-झटकों ने बना दिया था 90s का सदाबहार सॉन्ग, अलका-सानू की आवाज में हुआ अमर

'हम आपके हैं कौन' से पहले सलमान खान और माधुरी दीक्षित की जोड़ी इस रोमांटिक गाने में दिल जीत चुकी थी. कुमार सानू और अलका याज्ञनिक की जादुई आवाज से सजा 'दिल तेरा आशिक' आज भी 90s के सबसे यादगार लव सॉन्ग्स में गिना जाता है.

33 साल पुराना गाना, 26 साल की माधुरी दीक्षित के लटके-झटकों ने बना दिया था 90s का सदाबहार सॉन्ग, अलका-सानू की आवाज में हुआ अमर
माधुरी दीक्षित का ये गाना आज भी है सुपरहिट, सलमान खान के साथ जमी थी जोड़ी

90 के दशक में सलमान खान और माधुरी दीक्षित की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया और अपनी शानदार केमिस्ट्री से लोगों का दिल जीता. साल 1994 में आई फिल्म ‘हम आपके हैं कौन' ने दोनों की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया था. लेकिन इससे एक साल पहले भी सलमान और माधुरी की एक फिल्म रिलीज हुई थी, जिसके गाने आज भी पुराने हिंदी संगीत के चाहने वालों को याद हैं. इस फिल्म का नाम था ‘दिल तेरा आशिक'. साल 1993 में आई इस फिल्म का टाइटल सॉन्ग अपनी धुन और खूबसूरत आवाज के लिए खास पहचान रखता है.

सलमान-माधुरी की रोमांटिक फिल्म

फिल्म ‘दिल तेरा आशिक' 22 अक्टूबर 1993 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसका निर्देशन लॉरेंस डिसूजा ने किया था. फिल्म में सलमान खान विजय और माधुरी दीक्षित सोनिया के किरदार में नजर आई थीं. इनके अलावा अनुपम खेर, कादर खान, असरानी और तेज सप्रू जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे.

फिल्म की कहानी सोनिया नाम की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बीमार मां के इलाज के लिए नौकरी तलाश रही होती है. वह बच्चों की देखभाल करने के लिए सावित्री देवी नाम की बुजुर्ग महिला का रूप धारण करती है. इसी दौरान उसकी मुलाकात विजय से होती है और दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं. वहीं, घर के मालिक चौधरी रणबीर सिंह भी सावित्री देवी की ओर आकर्षित हो जाते हैं.

कुमार सानू और अलका याग्निक की आवाज ने बनाया जादू

फिल्म का टाइटल सॉन्ग ‘दिल तेरा आशिक' कुमार सानू और अलका याग्निक ने गाया था. इसका संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था और बोल समीर ने लिखे थे. गाने में सलमान और माधुरी की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलती है.

बॉक्स ऑफिस पर कैसी रही फिल्म?

फिल्म की कहानी और कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई. इसके बावजूद फिल्म का संगीत आज भी याद किया जाता है. ‘दिल तेरा आशिक' का टाइटल सॉन्ग 90 के दशक के रोमांटिक गानों में अपनी खास जगह रखता है.

ये भी पढ़ें: 30 साल पुराना गाना, 90s से लेकर अब तक पति-पत्नी की प्लेलिस्ट में शामिल, कुमार सानू-अलका याग्निक की आवाज ने बनाया यादगार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhuri Dixit, Salman Khan, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com