एक दौर था जब गोविंदा की फिल्मों के गाने हर किसी को झूमने पर मजबूर कर देते थे. उनकी फिल्मों में कॉमेडी, रोमांस और मस्ती का ऐसा मेल होता था कि दर्शक कहानी के साथ-साथ गानों के भी दीवाने हो जाते थे. ‘हीरो नंबर वन', ‘कुली नंबर वन' और ‘राजा बाबू' जैसी फिल्मों के गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं. इसी दौर में गोविंदा की एक और फिल्म आई थी, जिसका नाम था ‘साजन चले ससुराल'. इस फिल्म में गोविंदा के साथ करिश्मा कपूर और तब्बू नजर आई थीं. फिल्म की कहानी और इसके गानों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था.
साजन चले ससुराल का गाना
यह फिल्म 1996 में रिलीज हुई थी, जो कॉमेडी और शानदार संगीत के लिए जानी जाती है. इस फिल्म का एक गाना ऐसा था, जिसे सुनकर आज भी लोगों को पुराने दिनों की याद आ जाती है. गाने के बोल थे- ‘तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो.' इस गाने में गोविंदा, करिश्मा कपूर और तब्बू की मस्ती देखने को मिलती है. गाने के बोल पति-पत्नी के बीच होने वाली छोटी-मोटी शिकायतों और रूठने-मनाने की कहानी को मजेदार अंदाज में पेश करते हैं. यही वजह है कि यह गाना आज भी लोगों के बीच अपनी खास जगह बनाए हुए है.
कुमार शानू और अलका याग्निक की आवाज ने बनाया यादगार
‘तुम तो धोखेबाज हो' गाने को कुमार शानू और अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी. दोनों गायकों की आवाज का जादू उस दौर में कई फिल्मों के गानों में देखने को मिला था. इस गाने का संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था, जबकि इसके बोल समीर ने लिखे थे. गाने की धुन और इसके लिरिक्स इसे बाकी गानों से अलग बनाते हैं. गोविंदा का मस्ती भरा अंदाज और करिश्मा-तब्बू के साथ उनकी प्यार भरी तकरार गाने को और भी दिलचस्प बना देती है.
बजट से पांच गुना ज्यादा हुई थी कमाई
फिल्म ‘साजन चले ससुराल' में गोविंदा, करिश्मा कपूर, तब्बू और सतीश कौशिक ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं. डेविड धवन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था. करीब 4.25 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 23.61 करोड़ रुपये की कमाई की थी. वहीं, भारत में फिल्म का कारोबार करीब 13.82 करोड़ रुपये रहा था.
फिल्म में सतीश कौशिक ने मुथुस्वामी नाम के तबला वादक का किरदार निभाया था. उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था. फिल्म की कॉमेडी, कलाकारों की शानदार अदाकारी और यादगार गानों ने इसे गोविंदा के करियर की खास फिल्मों में शामिल कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं