90 के दशक के बॉलीवुड गानों की बात हो और गोविंदा-करिश्मा कपूर की जोड़ी याद न आए, ऐसा मुश्किल है. दोनों ने साथ में कई फिल्मों में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और कुली नंबर 1 का गाना ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था' आज भी उसी दौर की याद दिलाता है. इस गाने का सबसे मशहूर हिस्सा ‘तुझको मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं' था. कुमार शानू और अलका याग्निक की आवाज, आनंद-मिलिंद का संगीत और समीर के बोल ने इसे बेहद मजेदार अंदाज दिया. 30 जून 1995 को रिलीज हुए इस गाने में गोविंदा और करिश्मा की शानदार केमिस्ट्री और डांस भी खूब पसंद किया गया.
गोविंदा-करिश्मा की जोड़ी ने मचा दिया था धमाल
‘मैं तो रास्ते से जा रहा था' में गोविंदा और करिश्मा कपूर अपने चुलबुले अंदाज में नजर आए. गाने की पूरी कहानी छेड़छाड़, मस्ती और नोकझोंक के इर्द-गिर्द घूमती है. गोविंदा के खास डांस मूव्स और करिश्मा की एनर्जी ने इसे 90s के पार्टी और शादी वाले गानों में खास जगह दिलाई. गाने को अलका याग्निक और कुमार शानू ने आवाज दी थी. संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद और गीतकार समीर ने इस गाने को तैयार किया था. इसकी खास बात यह थी कि बोल बेहद आसान थे और हुक लाइन ऐसी थी जिसे लोग आसानी से गुनगुना सकें.
‘कुली नंबर 1' में कॉमेडी के साथ म्यूजिक का तड़का
कुली नंबर 1 का निर्देशन डेविड धवन ने किया था और इसे वासु भगनानी ने प्रोड्यूस किया था. फिल्म में गोविंदा और करिश्मा के अलावा कादर खान, शक्ति कपूर, हरीश कुमार, कंचन और सदाशिव अमरापुरकर जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म का म्यूजिक भी इसकी सफलता का अहम हिस्सा रहा. इसके एल्बम में ‘हुस्न है सुहाना', ‘आ जा ना आ जा ना', ‘तेरे प्यार में दिल दीवाना' और ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था' जैसे गाने शामिल थे.
बॉक्स ऑफिस पर भी चली थी फिल्म
कुली नंबर 1 सिर्फ गानों की वजह से ही चर्चा में नहीं रही, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक फिल्म ने भारत में करीब 12.56 करोड़ रुपये नेट और करीब 17.44 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 17.73 करोड़ रुपये रहा.
समय के साथ कुली नंबर 1 90s की लोकप्रिय कॉमेडी फिल्मों में गिनी जाने लगी. 2020 में इसी नाम से डेविड धवन ने इसका रीमेक भी बनाया, जिसमें वरुण धवन और सारा अली खान नजर आए. लेकिन 1995 वाले गोविंदा-करिश्मा वर्जन का ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था' आज भी अपनी अलग पहचान रखता है. खासकर ‘तुझको मिर्ची लगी तो मैं क्या करूं' वाली लाइन सुनते ही 90s के वो रंगीन डांस नंबर और गोविंदा के अनोखे स्टेप्स याद आ जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं