बॉलीवुड में हॉरर फिल्मों की अपनी खनक है. कहीं सदियों पुरानी हवेली का रहस्य है, कहीं एक भटकती आत्मा का खौफ और कहीं लालच में फंसे इंसान की ऐसी कहानी, जो डराने के साथ सोचने पर भी मजबूर करती है. दिलचस्प यह है कि 12 अक्तूबर की तारीख हिंदी सिनेमा की तीन अलग-अलग हॉरर फिल्मों से जुड़ी है. सोहम शाह की "तुम्बाड़, अक्षय कुमार की 'भूल भुलैया' और राम गोपाल वर्मा की 'भूत रिटर्न्स' इसी तारीख को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थीं.
इन फिल्मों का अंदाज भले ही अलग रहा हो, लेकिन इनके जरिए बॉलीवुड के हॉरर सिनेमा के तीन रंग देखने को मिले. इनमें 'भूल भुलैया' फ्रेंचाइजी ने तो बॉक्स ऑफिस पर ऐसी कामयाबी हासिल की कि इसके तीनों पार्ट का दुनियाभर का कुल कलेक्शन करीब 773 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
12 अक्तूबर 2018 को रिलीज हुई थी 'तुम्बाड़', बजट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सोहम शाह की फिल्म 'तुम्बाड़' 12 अक्टूबर 2018 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. राही अनिल बर्वे के निर्देशन में बनी इस फिल्म में डर के साथ लोककथा, पौराणिक कल्पना और इंसानी लालच को जोड़ा गया. फिल्म की कहानी विनायक राव के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमय खजाने की तलाश में ऐसी दुनिया में पहुंच जाता है, जहां लालच की कीमत बेहद भयावह है. फिल्म में सोहम शाह के अलावा ज्योति मालशे और अनीता दाते नजर आए.
तुम्बाड़ का बजट करीब 5 करोड़ रुपये बताया जाता है. बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, इसकी शुरुआती रिलीज में भारत में नेट कलेक्शन लगभग 13.50 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. 2024 में दोबारा रिलीज होने के बाद फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया. ट्रेड पोर्टल सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, री-रिलीज के बाद इसका दुनियाभर का कुल ग्रॉस कलेक्शन लगभग 52.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
'भूल भुलैया' के तीन पार्ट ने कमाए करीब 773 करोड़ रुपये
12 अक्टूबर 2007 को रिलीज हुई प्रियदर्शन की 'भूल भुलैया; इस तारीख से जुड़ी दूसरी बड़ी फिल्म है. अक्षय कुमार, विद्या बालन, शाइनी आहूजा, अमीषा पटेल और परेश रावल की इस फिल्म ने हॉरर और कॉमेडी का ऐसा मेल पेश किया, जो दर्शकों को आज भी याद है. फिल्म में मंजुलिका का रहस्य, हवेली का माहौल और डॉ. आदित्य श्रीवास्तव के रूप में अक्षय कुमार की मौजूदगी कहानी को अलग बनाती है. विद्या बालन की एक्टिंग और फिल्म के म्यूजिक ने इसकी लोकप्रियता में चार चांद लगा दिए.
बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक, पहली 'भूल भुलैया' का बजट लगभग 32 करोड़ रुपये था. फिल्म ने भारत में करीब 49.10 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में लगभग 82.84 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए. करीब 15 साल बाद 2022 में कार्तिक आर्यन की 'भूल भुलैया 2' आई. अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कियारा आडवाणी, तब्बू और राजपाल यादव भी अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 266.88 करोड़ रुपये कमाए. इसका बजट करीब 100 करोड़ रुपये था.
इसके बाद 2024 में 'भूल भुलैया 3' रिलीज हुई, जिसमें कार्तिक आर्यन के साथ विद्या बालन, माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी नजर आए. फिल्म ने पुराने किरदारों और नए रहस्यों के मेल से दर्शकों को आकर्षित किया. इसका दुनियाभर का कलेक्शन लगभग 423.85 करोड़ रुपये रहा, जबकि इसका बजट करीब 150 करोड़ रुपये था.
यह भी पढ़ें: 43 साल पुराना गाना जो असल में है हिंदी कवि गिरिजा कुमार माथुर की कविता, आंदोलनों से स्कूल तक में गूंजता है ये सॉन्ग
इस तरह तीनों फिल्मों के दुनियाभर के ग्रॉस कलेक्शन को जोड़ें तो आंकड़ा लगभग 773.57 करोड़ रुपये है. यही वजह है कि 'भूल भुलैया' फ्रेंचाइजी हॉरर-कॉमेडी के क्षेत्र में बॉलीवुड की सबसे सफल सीरीज में गिनी जाती है.
राम गोपाल वर्मा की ‘भूत रिटर्न्स' ने भी दी थी दस्तक
12 अक्तूबर 2012 को राम गोपाल वर्मा की हॉरर फिल्म ‘भूत रिटर्न्स' रिलीज हुई थी. फिल्म में मनीषा कोइराला, जेडी चक्रवर्ती, मधु शालिनी और अलायना शर्मा अहम भूमिकाओं में थे. यह 2003 की 'भूत' से अलग कहानी पर आधारित फिल्म थी. कहानी एक परिवार और उसके घर में दिखाई देने वाली रहस्यमय बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म ने दर्शकों को डराने के लिए भूतिया घटनाओं और 3डी तकनीक का सहारा लिया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे बड़ी सफलता नहीं मिली.
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार, फिल्म का बजट करीब 7.50 करोड़ रुपये था. इसने भारत में लगभग 4.58 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में करीब 6.39 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं