Bhojpuri Film Motki Bahu Patarki Bahu: भोजपुरी दर्शकों के लिए धनतेरस पर मनोरंजन का खास इंतजाम हो गया है. नेहा श्री और शिल्पी राघवानी की भोजपुरी फिल्म 'मोटकी बहू पतरकी बहू' 6 नवंबर को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है. भोजपुरी फिल्म का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर एडवाइज भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर होगा. नेहा श्री एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस भोजपुरी फिल्म में फैमिली एंटरटेनमेंट के साथ सामाजिक संदेश और प्रेरणा देने की कोशिश की गई है. आइए जानते हैं फिल्म के डिटेल्स और धनतेरस पर क्या होने वाला है खास.
धनतेरस पर घर बैठे देख सकेंगे भोजपुरी फिल्म
भोजपुरी फिल्म 'मोटकी बहू पतरकी बहू' का डिजिटल प्रीमियर त्योहार के मौके पर दर्शकों के लिए खास है. फिल्म 6 नवंबर को एडवाइज भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध होगी. ऐसे में भोजपुरी सिनेमा पसंद करने वाले दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे. फिल्म में नेहा श्री और शिल्पी राघवानी प्रमुख भूमिकाओं में हैं. दोनों अभिनेत्रियों की झलक फिल्म के प्रचार से पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है. अब फिल्म की कहानी और उनके किरदारों को लेकर दर्शकों में दिलचस्पी बनी हुई है.
नेहा श्री ने बताया कैसी है फिल्म की कहानी
फिल्म की प्रोड्यूसर और एक्ट्रेस नेहा श्री के मुताबिक, 'मोटकी बहू पतरकी बहू एक पारिवारिक फिल्म है. इसमें मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश और प्रेरणा भी देखने को मिलेगी. उनका कहना है कि फिल्म बनाने का उद्देश्य ऐसी कहानी दर्शकों तक पहुंचाना है, जिसे परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर देख सकें. नेहा श्री ने उम्मीद जताई कि भोजपुरी दर्शक फिल्म को प्यार देंगे.
शिल्पी राघवानी ने दर्शकों से की खास अपील
भोजपुरी एक्ट्रेस शिल्पी राघवानी भी फिल्म के डिजिटल प्रीमियर को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने भोजपुरी सिनेमा प्रेमियों और अपने प्रशंसकों से फिल्म देखने की अपील की है. शिल्पी राघवानी के मुताबिक, यह फिल्म दर्शकों के लिए मनोरंजन का अच्छा अनुभव साबित होगी. उन्होंने धनतेरस के मौके पर दर्शकों से फिल्म देखने और कलाकारों को अपना प्यार एवं आशीर्वाद देने की अपील की.
'मोटकी बहू पतरकी बहू' की स्टारकास्ट
भोजपुरी फिल्म मोटकी बहू पतरकी बहू में नेहा श्री और शिल्पी राघवानी के अलावा जय यादव, रिकी सेठ, माया यादव, अनिता रावत, संजुक्ता राय, रूपा मिश्रा, अनूप अरोड़ा और अशोक गुप्ता प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का संगीत और निर्देशन रितेश ठाकुर ने किया है. इसकी कहानी मनोज के. कुशवाहा ने लिखी है, जबकि गीत अभिलाष कुमार और चंदन बाबू ने तैयार किए हैं.
अब देखना होगा कि नेहा श्री और शिल्पी राघवानी की ‘मोटकी बहू पतरकी बहू' फिल्म धनतेरस के मौके पर दर्शकों का दिल जीतने में कितनी कामयाब रहती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं