सोशल मीडिया पर अक्सर नेगेटिव खबरें ज्यादा वायरल होती हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसी कहानियां भी सामने आती हैं जो इंसानियत पर भरोसा करने पर मजबूर कर देती हैं. हाल ही में एक ऐसी ही दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है.
क्या है पूरा मामला?
यह कहानी @OjasSharma276 नाम के एक यूजर ने सोशल मीडिया एक्स पर शेयर की. उन्होंने बताया कि वह रोज की तरह ऑफिस से घर लौट रहे थे और ऑटो से सफर कर रहे थे. रास्ते में उनकी बातचीत ऑटो ड्राइवर से होने लगी. ड्राइवर ने उनसे पूछा कि क्या वह रोज इतना सफर करते हैं और फिर यह भी पूछा कि वह क्या काम करते हैं. जब ओजस ने बताया कि वह IT में इंटर्न हैं, तो ड्राइवर को लगा कि उनकी कमाई काफी ज्यादा होगी.
सैलरी सुनकर चौंक गया ड्राइवर
जब ओजस ने अपनी इंटर्नशिप की सैलरी बताई, तो ड्राइवर हैरान रह गया और बोला, बस इतना कम? ड्राइवर ने बताया कि वह खुद रोज ऑटो चलाकर 1000 से 2000 रुपये तक कमा लेता है. जब सफर खत्म हुआ, तो मीटर में 443 रुपये किराया दिखा. ओजस ने ऑनलाइन पेमेंट के लिए QR कोड मांगा. तभी ड्राइवर ने कहा, भैया, आप 400 ही कर दो. यानी उसने खुद ही कम पैसे लेने की बात कही, जो कि काफी हैरान करने वाला था. हालांकि, ओजस ने पूरे 443 रु ही दिए, लेकिन इस घटना ने उनके दिल को छू लिया.
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस पोस्ट को 4 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है और लोग इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने कहा, कि आज भी अच्छे लोग मौजूद हैं. कुछ यूजर्स ने अपने ऐसे ही अनुभव शेयर किए. एक यूजर ने लिखा, अच्छी खबरें कम दिखती हैं, इसलिए हमें लगता है कि दुनिया में अच्छाई कम है. वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि ऑटो ड्राइवर भले आर्थिक रूप से कमजोर हों, लेकिन दिल के बहुत अमीर होते हैं.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: नौकरी के लिए CV की जगह भेज दिया Blinkit का बिल! जॉब एप्लिकेशन वायरल, लोगों ने ऐसे लिए मज़े














