19 days ago

US Israel Iran War LIVE News: ईरान और इजरायल-अमेरिका युद्ध अब 13 वें दिन में प्रवेश कर गया है. ऐसे में जंग के बीच भारत के लिए एक राहत की खबर आई है. सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर जहाज भारत पहुंच चुका है. यह उस समय हुआ है जब मिडिल ईस्ट में हर तरफ से एक दूसरे पर जमकर मिसाइलें और ड्रोन दागे जा रहे हैं. पूरा मिडिल ईस्ट हिंसा की आग में झुलस रहा है. भले एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दावा कर रहे हैं कि ईरान हार की कगार पर है और अमेरिकी सेना हमले इस तरह बढ़ा सकती है कि ईरान का पुनर्निर्माण करना "लगभग असंभव" होगा. लेकिन सच्चाई तो यही दिख रही है कि ईरान युद्ध को लंबा खींचने से परहेज नहीं कर रहा. गुरुवार, 12 मार्च को इजरायल से लेकर सऊदी अरब तक हवाई हमले जारी रहे. ईरान के समर्थन वाला हिजबुल्लाह भी इजरायल में तेल अवीव में इजरायली सैन्य खुफिया अड्डे पर मिसाइलें दाग रहा है. यहां पढ़ें जंग से जुड़ा पल-पल का हर अपडेट.

Iran-Israel and US War LIVE UPDATES: 

Mar 12, 2026 19:04 (IST)

US-Israel-Iran War Live: होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद- अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की शक्ति का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और खाड़ी अरब पड़ोसी देशों पर ईरान के हमले जारी रहेंगे. उनकी नियुक्ति के बाद यह उनका पहला बयान था, जिसे गुरुवार को सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार एंकर ने पढ़ा. खामेनेई कैमरे पर नहीं दिखे, और इजरायली आकलन से संकेत मिलता है कि युद्ध की शुरुआत में हुए हमले में वे घायल हो गए थे. इसके साथ ही ईरान के नए सर्वोच्च नेता ने खाड़ी देशों से अमेरिकी सैन्य अड्डों को बंद करने का आह्वान किया है.

Mar 12, 2026 17:43 (IST)

कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई ड्रोन से हमला

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, गुरुवार सुबह कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई ड्रोन से हमला हुआ, जिससे वहां क्षति हुई.

Mar 12, 2026 16:13 (IST)

ईरान के परमाणु ठिकाने तालेगान पर हमला

इजरायली सेना का कहना है कि उसने ईरानी परमाणु कार्यक्रम के एक और ठिकाने, 'तालेगान' साइट को निशाना बनाया है.

Mar 12, 2026 14:52 (IST)

Iran-US News War Live: खाड़ी देशों का कुल तेल उत्पादन कम से कम 10 मिलियन बैरल प्रति दिन कम हुआ

अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने गुरुवार को कहा कि मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग ने "वैश्विक तेल बाजार के इतिहास में सबसे बड़ी आपूर्ति व्यवधान" (सप्लाई में रुकावट) पैदा कर दिया है, जिससे खाड़ी के तेल उत्पादकों को उत्पादन में कटौती करनी पड़ी है. अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में, IEA ने कहा कि कच्चे तेल का उत्पादन वर्तमान में कम से कम 8.0 मिलियन बैरल प्रति दिन कम हो गया है. साथ ही कंडेनसेट सहित पेट्रोलियम उत्पादों से संबंधित 2.0 मिलियन बैरल प्रति दिन अतिरिक्त उत्पादन बंद हो गया है.

युद्ध के कारण ईरान ने तेल व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते, होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है, जिससे आपूर्ति बहुत कम हो गई है.

Advertisement
Mar 12, 2026 14:18 (IST)

Iran-US News War Live: कुवैत हवाईअड्डे पर ड्रोन हमला

न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार कुवैत हवाईअड्डे पर ड्रोन हमले के बाद नुकसान की खबर है. अमेरिका और इजरायल की ओर से शुरू किए गए युद्ध में ईरान पर जवाबी हमले कर रहा है. ईरान खाड़ी के हर उस देश को निशाना बना रहा है जहां अमेरिका के सैन्य ठिकाने हैं.

Mar 12, 2026 14:03 (IST)

Iran-US News War Live: दुबई के डाउनटाउन में धमाके सुने गए

एएफपी संवाददाता ने बताया कि दुबई शहर में विस्फोटों की आवाज बहुत तेज सुनाई दी. ईरान ने अमेरिकी-इजरायल हमलों के जवाब में खाड़ी के खिलाफ अपना अभियान जारी रखा है. एएफपी के संवाददाता ने एक आवासीय क्षेत्र के ऊपर धुएं के छोटे-छोटे बादल उठते हुए देखे.

Advertisement
Mar 12, 2026 12:46 (IST)

Israel Iran War LIVE: सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर भारत पहुंचा जहाज

ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच भारत के लिए राहत की खबर सामने आई है. सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर आने वाला पहला जहाज शेनलोंग सुएजमैक्स अब मुंबई पोर्ट पहुंच चुका है. यह जहाज युद्ध के बाद अहम समुद्री रास्ते- होर्मुज को पार करके भारत पहुंचा है. जहाज 1 लाख 35 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा कच्चा तेल लेकर आया है, जिसे मुंबई के माहुल स्थित रिफाइनरी में भेजा जाएगा. खास बात यह है कि भारत के आधे से ज्यादा कच्चे तेल की सप्लाई इसी रास्ते से आती है. ऐसे में इस जहाज़ का सुरक्षित मुंबई पहुंचना देश के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

Mar 12, 2026 12:31 (IST)

Israel Iran War LIVE: इराक में इटली के सैन्य अड्ड पर हमला

इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने गुरुवार को कहा कि इराकी कुर्द शहर एरबिल में उसके एक सैन्य अड्डे पर "हमला" हुआ था, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ. तजानी ने ज्यादा डिटेल्स दिए बिना X पर कहा, "मैं एरबिल में इतालवी बेस पर हमले की कड़ी निंदा करता हूं... मैंने अभी इराक में इतालवी राजदूत से बात की. सौभाग्य से, हमारे सभी सैनिक बंकर में ठीक और सुरक्षित हैं." 

बता दें कि इटली के सैनिक अर्बिल में अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बल के हिस्से के रूप में कुर्दिस्तान सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण दे रहे हैं.

Mar 12, 2026 11:14 (IST)

Israel Iran War LIVE: होर्मुज में जहाज में फंसे तीन लोग

होर्मुज स्ट्रेट से यात्रा करते समय जब थाईलैंड के बड़े जहाज 'मयूरी नारी' पर हमला हुआ तब उसमें चालक दल के तीन सदस्य फंस गए थे, लेकिन गुरुवार को उन्हें बचाया नहीं जा सका. AFP की रिपोर्ट के अनुसार इसकी जानकीरी जहाज के मालिक ने दी है.

Mar 12, 2026 09:16 (IST)

US Israel Iran War LIVE: खाड़ी में ईरान ने 2 जहाजों पर किया ड्रोन अटैक, एक जहाज अमेरिकी स्वामित्व वाला

इराक के क्षेत्रीय जल में हमले के बाद फारस की खाड़ी में दो विदेशी तेल टैंकरों में आग लगने से कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और चालक दल के 38 सदस्यों को बचा लिया गया. ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने बताया कि ईरान ने हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा है कि एक पानी के नीचे ड्रोन हमले ने "फारस की खाड़ी में दो तेल टैंकरों को उड़ा दिया".

Advertisement
Mar 12, 2026 08:49 (IST)

US Israel Iran War LIVE: जंग की मार, ब्रेंट क्रूड फिर पहुंचा 100 डॉलर प्रति बैरल के पार

मिडिल ईस्ट में आपूर्ति और बुनियादी ढांचे पर ताजा ईरानी हमलों के बाद तेल की कीमतें गुरुवार को नौ प्रतिशत से अधिक बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गईं. ब्रेंट क्रूड 9.3 प्रतिशत उछलकर 100.50 डॉलर पर पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट लगभग 0305 जीएमटी पर 8.8 प्रतिशत बढ़कर 94.92 डॉलर पर था.

Mar 12, 2026 08:48 (IST)

US Israel Iran War LIVE: बहरीन के ईंधन टैंकों पर हमला, लोगों से घर पर रहने का अनुरोध किया गया

बहरीन ने गुरुवार को ईंधन टैंकों पर ईरानी हमले के बाद निवासियों को घर पर रहने के लिए कहा है. बहरीन के आंतरिक मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट किया, "ईरानी आक्रामकता ने मुहर्रक गवर्नरेट में एक सुविधा में ईंधन टैंक को निशाना बनाया."  मंत्रालय ने मुहर्रक के तीन हिस्सों में निवासियों से कहा कि वे "वर्तमान में लड़ी जा रही आग के धुएं के संभावित प्रभावों के खिलाफ एहतियात के तौर पर अपने घरों में रहें, खिड़कियां और वेंटिलेशन के दरवाजे बंद रखें."

Advertisement
Mar 12, 2026 07:33 (IST)

US Israel Iran War LIVE: बेरूत समुद्रतट पर हमले में 7 की मौत

लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राजधानी के मध्य में एक और हमले के कुछ घंटों बाद, बेरूत के समुद्र तटीय क्षेत्र पर इजरायली हमले में सात लोग मारे गए और 21 घायल हो गए, जहां कुछ विस्थापित लोग खुले में सो रहे थे.

Mar 12, 2026 07:31 (IST)

US Israel Iran War LIVE: हमले में कम से कम दो इराकी लड़ाके मारे गए: सुरक्षा सूत्र

न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार कई सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को उत्तरी इराक में एक हवाई हमले में कम से कम दो लड़ाके मारे गए हैं. इराक लंबे समय से अमेरिका और ईरान के बीच एक छद्म युद्ध (प्रॉक्सी वॉर) का मैदान रहा है. इस बार भी उसे मिडिल ईस्ट के युद्ध में घसीटा गया है और यह तब शुरू हुआ जब अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया. गुरुवार के हवाई हमले में किरकुक शहर में एक अड्डे को निशाना बनाया गया, जिस पर पूर्व अर्धसैनिक गठबंधन हशेद अल-शाबी का कब्जा था, जो अब इराक की नियमित सेना में एकीकृत हो गया है.

Mar 12, 2026 06:24 (IST)

US Israel Iran War LIVE: सऊदी ने शायबा तेल क्षेत्र की ओर जा रहे एक ड्रोन को रोका

सऊदी अरब ने गुरुवार को शायबा तेल क्षेत्र की ओर जा रहे एक ड्रोन को रोक लिया. जंग शुरू होने के बाद से ही ईरान ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों को बाधित करने का अभियान चलाया है और इसी क्रम में फिर से इस सुविधा को निशाना बनाया है. सऊदी के रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने एक्स पर पोस्ट किया, "शायबा तेल क्षेत्र की ओर जा रहे एक ड्रोन को रोक लिया गया और नष्ट कर दिया गया."

सऊदी अरब ने बुधवार को पुष्टि की थी कि उसने सुविधा को निशाना बनाने वाले कई ड्रोनों को रोका था, जो देश के तेल उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है.

Mar 12, 2026 06:22 (IST)

US Israel Iran War LIVE: ईरान और हिजबुल्लाह ने मिलकर इजरायल पर दागी मिसाइलें

इजरायल की सेना ने गुरुवार को कहा कि ईरानी मिसाइलें इजराइल की ओर बढ़ रही हैं. इजराइल ने यह भी दावा किया है कि उसने ईरान और लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर एक साथ "व्यापक पैमाने" पर हमला किया है. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार उसके संवाददाताओं ने यरूशलेम से विस्फोटों की आवाज सुनी थी. इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह एक्टिव हो चुका है. इजरायल की तरफ से यह अलर्ट तब आया जब ईरानी मीडिया ने रिपोर्ट दी कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने तेहरान के लेबनानी सहयोगी हिजबुल्लाह के साथ एक संयुक्त मिसाइल ऑपरेशन चलाया है.

Mar 12, 2026 00:02 (IST)

पश्चिम एशिया के हालात पर जयशंकर की रूसी विदेश मंत्री से वार्ता

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव ने बुधवार को फोन पर पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की. रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने ईरान को लेकर स्थिति पर अपने विचार साझा किए और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने हालात में सुधार और सभी पक्षों के हितों को देखते हुए स्थायी समाधान के लिए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) और ब्रिक्स की भूमिका पर भी जोर दिया. 

Mar 11, 2026 23:59 (IST)

मिडिल ईस्ट संकट में ट्रंप को मिला यूरोपीय देशों का साथ?

Mar 11, 2026 23:58 (IST)

जहाजों पर हमले गलत, होर्मुज हमले पर भारत ने जताई चिंता

भारतीय विदेश मंत्रालय ने होर्मुज जलडमरूमध्य में थाईलैंड के जहाज मयूरी नारे पर हमले को लेकर गहरी चिंता जताई है. यह जहाज भारत के कांडला बंदरगाह आ रहा था. मंत्रालय ने इस बात पर गहरी चिंता जताई है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाया जा रहा है. भारत ने कहा कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष चालक दल के सदस्यों को खतरे में डालना या समुद्री मार्गों पर आवाजाही और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालना उच‍ित नहीं है. 

Mar 11, 2026 23:55 (IST)

क्या पुतिन‑जिनपिंग ईरान के साथ? सीक्रेट वॉर‑रूम में बनी रणनीति!

Mar 11, 2026 23:21 (IST)

ईरानी स्कूल पर हमला अमेरिकी सेना की गलतीः रिपोर्ट

ईरान के मीनाब शहर में लड़कियों के एलीमेंट्री स्कूल पर भीषण हमला अमेरिकी सेना की गलती का नतीजा था. न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में यह दावा करते हुए बताया गया है कि सैन्य जांच से पता चला है कि 28 फरवरी को स्कूल की इमारत पर टॉमहॉक मिसाइल से हमला किया गया था. यह अमेरिकी सेना की एक बड़ी टार्गेटिंग गलती की वजह से हुआ था. अमेरिकी अधिकारियों ने माना कि यूएस सेंट्रल कमांड ने जिस टार्गेट कोऑर्डिनेट्स का इस्तेमाल किया, वो डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी के पुराने डेटा पर बेस्ड थे. इस हमले में 165 से ज्यादा लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर छोटी बच्चियां थीं.

Mar 11, 2026 22:31 (IST)

ईरानी मिसाइल-ड्रोन हमलों में 15 नेपाली घायल, एक की मौत

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमलों में अब तक 15 नेपाली नागरिक घायल हुए हैं जबकि एक नेपाली की मौत हो चुकी है. मृतक दिवास श्रेष्ठ गोरखा जिले का रहने वाला था. उसकी यूएई के जायेद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन इंटरसेप्शन ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई थी. नेपाल की विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव राम काजी खड़का ने बुधवार को बताया कि घायल 15 नेपाली नागरिकों में से 14 इलाज के बाद फिर से काम पर लौट चुके हैं. एक का इलाज अभी चल रहा है लेकिन उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है. 

Mar 11, 2026 20:45 (IST)

32 देशों के संगठन का बड़ा फैसला, तेल संकट करेंगे दूर

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से गहराए तेल संकट को देखते हुए इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) के 32 सदस्य देशों ने अपने इमरजेंसी भंडार से 400 मिलियन बैरल तेल बाजार में रिलीज करने का फैसला किया है. IEA के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने एक बयान में बताया कि यह तेल हर सदस्य देश अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए उचित समय सीमा के अंदर बाजार में जारी करेगा. इसका मकसद मिडिल ईस्ट युद्ध की वजह से वैश्विक तेल बाजार में पैदा हुए संकट को कम करना है.

Mar 11, 2026 20:12 (IST)

ईरान में हमले के लिए अब कुछ नहीं बचा, ट्रंप का बड़ा दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जारी युद्ध के जल्द खत्म होने के संकेत देते हुए कहा कि अब वहां निशाना बनाने के लिए प्रैक्टिकली कुछ भी नहीं बचा है. एक्सियोस से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह जब चाहें, इस युद्ध को खत्म कर सकते हैं. उनका ये बयान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की नाकाबंदी से वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की बढ़ती कीमतों के बीच आया है. 

Mar 11, 2026 20:03 (IST)

पश्चिम एशिया संकट से मंदी का खतरा, पूर्व राजनयिक ने किया आगाह

भारत की पूर्व राजनयिक और बांग्लादेश में भारत की पूर्व उच्चायुक्त वीना सिकरी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर गहरी चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि यह संकट लगातार गहराता जा रहा है. इसके दूरगामी मानवीय और आर्थिक प्रभाव हो सकते हैं. सिकरी ने चेतावनी दी कि अगर लंबे समय तक यही स्थिति रही तो इसका व्यापक आर्थिक असर हो सकता है. अगर यह संघर्ष लंबे समय तक चलता रहा तो दुनिया मंदी की ओर भी जा सकती है.  उन्होंने कहा कि दुनिया भर की सरकारों को इस संकट के प्रभाव को संभालने के लिए सावधानी से कदम उठाने होंगे. 

Mar 11, 2026 19:50 (IST)

मिडिल ईस्ट में महायुद्ध की 10 खौफनाक तस्वीरें

Mar 11, 2026 19:49 (IST)

लेबनान में इजरायली हमले में अब तक 570 की मौत

लेबनान में इजरायल की ओर से हमले जारी हैं. हिज्बुल्लाह के खिलाफ जारी इस अभियान की शुरुआत मार्च के पहले हफ्ते से हुई, जिसमें बुधवार तक 570 लोगों की मौत हो चुकी है. देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को आंकड़े जारी करके बताया कि पिछले 24 घंटे में ही 84 लोग हमलों और हवाई हमलों में मारे गए हैं. घायलों की संख्या बढ़कर 1,444 हो गई है, जिनमें से 131 लोग मंगलवार को घायल हुए. 

Mar 11, 2026 19:46 (IST)

ईरान से 14-15 मार्च को वापस आएंगे 100 छात्र

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (JKSA) ने बताया है कि युद्ध के बीच ईरान में फंसे करीब 100 भारतीय छात्र 14 और 15 मार्च को भारत आएंगे. इनमें से अधिकांश छात्र जम्मू-कश्मीर के हैं. ये छात्र ईरान से सड़क मार्ग के जरिए आर्मेनिया के येरेवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे. फिर वहां से दुबई होते हुए दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट आएंगे. ये छात्र खुद अपने इंतजाम से वापस आ रहे हैं. 

Mar 11, 2026 19:13 (IST)

ईरान युद्ध में 2 भारतीयों की मौत, कितने घायल, सरकार ने बताया

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को कन्फर्म किया कि मिडिल ईस्ट संघर्ष में अब तक दो भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है. एक भारतीय नागरिक लापता है. ये लोग उन व्यापारिक जहाजों पर सवार थे, जिन्हें समुद्र में निशाना बनाया गया. उन्होंने बताया कि गल्फ रीजन में कुछ और भारतीय घायल हुए हैं. इनमें से एक व्यक्ति इजरायल में और दूसरा दुबई में जख्मी हुआ है. विदेश मंत्रालय इन सभी के परिवारों के साथ निरंतर संपर्क में है.

Mar 11, 2026 19:11 (IST)

खाड़ी में मौजूद भारतीयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकताः MEA

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग के बीच ईरान में मौजूद भारतीयों खासकर छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि ईरान में लगभग 9 हजार स्टूडेंट्स हैं. हमने कई लोगों को असुरक्षित इलाकों से दूसरी जगहों पर शिफ्ट किया है. भारतीय प्रवासियों की मदद के लिए 24 घंटे चलने वाला स्पेशल कंट्रोल रूम भी बनाया है. खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. 

Mar 11, 2026 18:26 (IST)

ईरान पर US-इजराइल के हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ: मेलोनी

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा है कि ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हैं. बुधवार को इटली की सीनेट में दिए भाषण में मेलोनी ने कहा कि इसमें खतरे लगातार डरावने होते जा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे से बाहर एकतरफा दखल बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि ईरानी शासन के खिलाफ अमेरिकी और इजराइली दखल को उस बड़े संकट का हिस्सा समझा जाना चाहिए. 

Mar 11, 2026 18:24 (IST)

भारत को रूसी तेल खरीदने की छूट क्यों दी, व्हाइट हाउस ने बताया

ईरान युद्ध के बीच भारत को अस्थायी तौर पर रूस से तेल खरीदने के लिए 30 दिनों की छूट पर व्हाइट हाउस ने बयान दिया है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति बनाए रखने के लिए उसने भारत को अस्थायी रूप से उन रूसी तेल खेपों को स्वीकार करने की अनुमति दी है, जो पहले से जहाज़ों में लदी हुई थीं. राष्ट्रपति ट्रंप ने ये फैसला इसलिए किया क्योंकि भारत ने अच्छा व्यवहार करते हुए प्रतिबंधित रूसी तेल खरीदना पहले ही बंद कर दिया था. 

Mar 11, 2026 18:20 (IST)

तेल 1 डॉलर महंगा होने से पेट्रोल-डीजल पर कितना असर?

अगर कच्चे तेल की कीमत बढ़ती है तो उसका असर आम आदमी की जेब पर कितना पड़ता है? आर्थिक जानकारों के मुताबिक कच्चे तेल की कीमत 1 डॉलर प्रति बैरल बढ़ने से पेट्रोल-डीजल की लागत लगभग 50-60 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ सकती है. अगर कीमत 10 डॉलर बढ़ जाए तो पेट्रोल-डीजल की लागत लगभग 5-6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकती है. हालांकि यह सीधा असर हमेशा पंप की कीमत पर नहीं दिखता क्योंकि सरकार की पहल पर तेल कंपनियां कीमतों को नियंत्रित रखती हैं.

Mar 11, 2026 17:04 (IST)

होर्मुज में आज कम से कम 3 जहाजों पर हमले

ईरान युद्ध के 12वें दिन स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे कम से कम 3 कमर्शल जहाजों को निशाना बनाया गया. यूके मैरिटाइम सिक्योरिटी सेंटर के मुताबिक, एक जहाज में ओमान के उत्तर में प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया, जिसके बाद उस पर आग लग गई. इसके अलावा एक बल्क कैरियर और एक कंटेनर शिप पर यूएई के पास खाड़ी में हमला किया गया. इनमें से एक थाईलैंड का मयूरी नारी जहाज था. 

Mar 11, 2026 16:59 (IST)

ईरान से लौटेंगे 100 छात्र, आर्मेनिया के रास्ते नई दिल्ली पहुंचेंगे

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने बताया है कि युद्धग्रस्त ईरान में फंसे करीब 100 छात्र 14-15 मार्च को कमर्शल फ्लाइट्स से भारत वापस लौटेंगे. ये छात्र आर्मेनिया के रास्ते नई दिल्ली पहुंचेंगे. इन छात्रों में अधिकतर कश्मीरी हैं.

Mar 11, 2026 16:55 (IST)

ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को अमेरिका ने ऐसे किया बर्बाद

अमेरिका सेना ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों को किस तरह निशाना बनाया, यूएस सेंट्रल कमांड ने वीडियो जारी करके बताया है. 

Mar 11, 2026 16:33 (IST)

भारत आ रहे थाईलैंड के जहाज पर होर्मुज में हमला

ईरान युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे थाईलैंड के एक जहाज पर हमला हुआ है. रॉयल थाई नेवी के मुताबिक, हमले में 20 क्रू मेंबर्स को रेस्क्यू करके ओमान ले जाया गया है. बाकी 3 क्रू मेंबर्स की तलाश जारी है. मयूरी नारी नाम का ये जहाज Precious Shipping PCL कंपनी का था, जो यूएई के पोर्ट ऑफ खलीफा से चला था और भारत के कांडला बंदरगाह आ रहा था. 

Mar 11, 2026 16:23 (IST)

खाड़ी युद्ध ने सिखाया आत्मनिर्भरता का महत्वः PM मोदी

केरलम के एर्नाकुलम में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान युद्ध से बने हालात का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि गल्फ में चल रहे युद्ध ने हमें आत्मनिर्भरता का महत्व फिर से समझाया है. एनर्जी हो या अन्य सेक्टर, भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का प्रयास कर रहा है. पीएम ने कहा कि मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं. हमारे दूतावास और मिशन चौबीसों घंटे उनकी मदद कर रहे हैं. प्रधानमंत्री ने इस दौरान विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस इतने बड़े वैश्विक संकट में भी राजनीति ढूंढ रही है. 

Mar 11, 2026 15:33 (IST)

खाड़ी देशों पर हो रहे हमले गलत, हम सहमत नहीं: चीन

चीन ने खाड़ी देशों पर हो रहे हमलों को गलत बताया है और कहा है कि इसकी चपेट में आम लोग और गैर-सैन्य स्थल आ रहे हैं, जो ठीक नहीं है, इसलिए हम इससे असहमत हैं. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नागरिकों और जरूरी इमारतों को निशाना बनाना गलत है.  इससे इलाके में तनाव और बढ़ सकता है. हालांकि चीन ने अपने बयान में किसी देश का नाम नहीं लिया. 

Mar 11, 2026 14:36 (IST)

US Iran War: ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा पूरी तरह स्वस्थ हैं- राष्ट्रपति के बेटे का दावा

ईरानी राष्ट्रपति के बेटे युसेफ पेजेशकियान ने पुष्टि की है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई 'सुरक्षित और स्वस्थ' हैं. मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक मैसेज में यूसुफ पेज़ेशकियान ने कहा, "मैंने मुजतबा जी के घायल होने की खबर सुनी. मैंने उन दोस्तों से पूछा, जिनके पास कनेक्शन था. उन्होंने कहा, अल्लाह का शुक्र है, वह स्वस्थ हैं और कोई समस्या नहीं है."

ईरान सरकारी टेलीविजन ने 56 वर्षीय खमेनेई को "रमजान युद्ध का घायल योद्धा" कहा था, लेकिन कभी भी उनकी चोट के बारे में नहीं बताया था. युसेफ पेजेशकियान ने यह टिप्पणी उस समय की है जब मुजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य और वो कहां हैं, इस पर अटकले लग ही थीं. चार दिन पहले अपने दिवंगत पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के उत्तराधिकारी बनने के बाद से मुजतबा दुनिया के सामने नहीं आए हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, तीन ईरानी और दो इजरायली अधिकारियों ने गुमनाम रूप से बात करते हुए कहा कि ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के शुरुआती दिन में मुजतबा खामेनेई घायल हो गए थे.

Mar 11, 2026 14:11 (IST)

US Iran War: जंग के बीच भारत के लोगों को ईरान ने कहा शुक्रिया

भारत में मौजूद ईरान के दूतावास ने जंग के बीच भारत को शुक्रिया कहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से ईरानी दूतावास ने लिखा, "दूतावास भारत के महान लोगों, सरकारी अधिकारियों, राजनीतिक दलों, धार्मिक नेताओं, विद्वानों, शिक्षाविदों और मीडिया के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक सराहना और आभार व्यक्त करता है, जो इस्लामी गणराज्य के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की शहादत के अवसर पर खोली गई शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर करने के लिए दूतावास आए और ईरान के लोगों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त की. उनकी बहुमूल्य उपस्थिति और एकजुटता की हार्दिक अभिव्यक्ति की अत्यधिक सराहना की जाती है."

Mar 11, 2026 13:19 (IST)

US Iran War: दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के करीब दो ड्रोन गिरे, एक भारतीय सहित 4 लोग जख्मी

दुबई के इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीएक्सबी) के पास दो ड्रोन गिरे हैं जिसके कारण 4 लोग घायल हो गए हैं. घायल हुए लोगों में 2 घाना, एक बांग्लादेशी और साथ ही एक भारतीय व्यक्ति को चोट आई है. दुबई के अधिकारियों ने बताया है कि इस एयरपोर्ट से अभी भी फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य चल रहा है.


Mar 11, 2026 13:10 (IST)

Iran War: भारत दुनिया भर में तेल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने में एक महान पार्टनर है- अमेरिकी राजदूत

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, "भारत दुनिया भर में तेल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने में एक महान भागीदार रहा है. अमेरिका मानता है कि रूसी तेल की चल रही खरीद इस प्रयास का एक हिस्सा है. भारत तेल के सबसे बड़े उपभोक्ताओं और रिफाइनरों में से एक है और अमेरिकियों और भारतीयों के लिए बाजार स्थिरता के लिए अमेरिका और भारत का मिलकर काम करना आवश्यक है."

Mar 11, 2026 12:16 (IST)

US Iran War: ईरानी आसमान के अंदर तक उड़ रहे हैं यूएस जेट : जनरल केन

पेंटागन ने कहा कि वाशिंगटन के मिलिट्री कैंपेन के पहले फेज में ईरान के ज्यादातर एडवांस्ड एयर डिफेंस नेटवर्क को बेअसर कर दिए जाने के बाद, यूएस फाइटर एयरक्राफ्ट ईरानी एयरस्पेस में बिना किसी डर के काम कर रहे हैं. जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने रिपोर्टर्स को बताया कि 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के दूसरे हफ्ते में पहुंचने के साथ ही ईरान के कई हाई-एंड सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम अब यूएस एयरक्राफ्ट के लिए कोई बहुत बड़ा खतरा नहीं रहे हैं.

केन ने पेंटागन में सेक्रेटरी ऑफ वॉर पीट हेगसेथ के साथ एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, "उनके ज्यादातर हाई-एंड सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम इस समय कोई फैक्टर नहीं हैं। हम उन फाइटर एयरक्राफ्ट को मूव कर सकते हैं जो अपेक्षाकृत बिना किसी डर के अंदर तक जा रहे हैं."

Mar 11, 2026 11:04 (IST)

US Iran War: कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई की कमी का असर बेंगलुरु के होटलों पर पड़ना जारी

कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई की कमी का असर बेंगलुरु के होटलों पर पड़ना जारी है. यहां लोकप्रिय आउटलेट- बैंगलोर थिंडीज़, जो कांग्रेस कार्यालय के ठीक सामने है, वहां केवल कॉफी और चाय परोसा जा रहा है. इसके मालिक का कहना है कि हमने कई जगहों पर कोशिश की लेकिन भारी कीमत पर ब्लैक में सिलेंडर बेचा जा रहा है.  मालिक का कहना है कि मेरे पास अपने 70 स्टाफ के खाना पकाने के लिए भी कोई सिलेंडर नहीं है.

Mar 11, 2026 11:02 (IST)

US Iran War: महाराष्ट्र के होटलों में सुलगने लगे लकड़ी के चूल्हे

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर होटल उद्योग पर पड़ा है. महाराष्ट्र में पिछले दो दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति ठप दिख रही है. महाराष्ट्र के यवतमाल के आर्णी क्षेत्र में होटल मालिकों ने व्यवसाय बचाने के लिए अनोखी तरकीब निकाली है. गैस न मिलने के कारण कई जगहों पर लकड़ी की भट्टियां सुलगा ली गई हैं, तो कहीं चोरी-छिपे घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर भी काम चलाया जा रहा है. 

यवतमाल जिले में कुल 7.70 लाख गैस सिलेंडर धारक हैं और 47 एजेंसियों के माध्यम से होने वाली नियमित आपूर्ति अब प्रभावित हो रही है.

Mar 11, 2026 11:01 (IST)

US Iran War: भी घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए e-KYC कराना अनिवार्य- पेट्रोलियम मंत्रालय

भारत के पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (e-KYC) कराना अनिवार्य है. बताया गया है कि e-KYC प्रक्रिया फ्री, आसान और सुविधाजनक है. इसे आप घर बैठे अपने स्मार्टफोन से कुछ ही मिनटों में पूरा कर सकते हैं. बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण (e-KYC) प्रारंभ करने एवं विस्तृत जानकारी के लिए विजिट करें: https://pmuy.gov.in/e-kyc.html

Mar 11, 2026 10:58 (IST)

US Iran War: कैमूर में गैस की भारी किल्लत,सिलेंडर के साथ सुबह से लगी लंबी कतार

बिहार के कैमूर में गैस की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. यहां LPG गैस की कालाबाजारी शुरू हो गई है. सभी डिस्ट्रीब्यूटर बता रहे हैं कि गोदाम खाली हैं, गैस नहीं है. इसकी वजह से मंगलवार सुबह से ही गैस सिलिंडर के साथ इंडेन गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतार देखने को मिली. लोगों ने कहा पिछले तीन दिनों से सुबह हम लोग आते हैं और दोपहर में उसी खाली सिलिंडर लेकर वापस घर जाते हैं. घरों में खाना नहीं बन रहा है, बाजार से खरीद कर खाना खा रहे हैं. बच्चे दूध के लिए परेशान हैं,रोजा खोलने के लिए भी बाहर दुकान से खरीद कर काम चल रहा है.

Mar 11, 2026 10:01 (IST)

Iran War News Live: ईरान ने कुवैत में अमेरिकी अड्डे को निशाना बनाया

ईरानी समाचार एजेंसियों फ़ार्स और मेहर के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि कम से कम दो मिसाइलों ने कुवैत में अमेरिका के अड्डे को निशाना बनाया है. कुवैती अधिकारियों ने अभी तक रिपोर्टों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

Mar 11, 2026 10:00 (IST)

Iran War News Live: संयुक्त अरब अमीरात के जहाज पर हमला

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार एक ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने बुधवार को बताया कि संयुक्त अरब अमीरात के तट पर एक कंटेनर जहाज पर अटैक हुआ है. यह हमला मिसाइल या ड्रोन से किया गया है. अभी यह नहीं पता कि हमले में कितना नुकसान पहुंचा है. अच्छी बात यह है कि चालक दल (क्रू) के सभी सदस्य सुरक्षित हैं.

Mar 11, 2026 07:53 (IST)

US Iran War News Live: ईरान संघर्ष में 140 अमेरिकी सैनिक घायल: पेंटागन

अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष को लेकर पेंटागन ने बड़ी जानकारी दी. पेंटागन ने बताया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान से जुड़े लगातार हमलों के पहले 10 दिनों के दौरान लगभग 140 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं. सीनेट के डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व में संघर्ष पर सार्वजनिक चर्चा की मांग की है. पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने जारी संघर्ष पर एक बयान में हताहतों के आंकड़े जारी किए. पार्नेल ने एक बयान में कहा कि ऑपरेशन एपिक फ्यूरी की शुरुआत से लेकर अब तक, 10 दिनों के निरंतर हमलों में लगभग 140 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं.

Mar 11, 2026 07:52 (IST)

US Iran War News Live: ईरान से इजरायल की ओर मिसाइलें दागी गईं- इजरायली सेना

इजरायल की सेना ने बुधवार को कहा कि उसने ईरान से देश की ओर आने वाली कई मिसाइलों का पता लगाया है और एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया है. ऐसा करके उसने ईरान और लेबनान की ओर से आईं हमलों की "लहर" दबा दी है. सेना ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम अकाउंट पर कहा, "थोड़ी देर पहले, इजरायली सेना ने ईरान से इजरायल की ओर लॉन्च की गई मिसाइलों को डिटेक्ट किया. एयर डिफेंस सिस्टम खतरे को रोकने के लिए काम कर रहे हैं."

न्यूज एजेंसी एएफपी के पत्रकारों ने यरूशलेम में हवाई हमले के सायरन और दूर से विस्फोटों की आवाज सुनी.

Mar 11, 2026 07:49 (IST)

US Iran War News Live: इराक में अमेरिकी राजनयिक सुविधा पर ड्रोन से हमला - रिपोर्ट

वाशिंगटन पोस्ट ने एक अज्ञात सुरक्षा अधिकारी और एक आंतरिक अमेरिकी विदेश विभाग के अलर्ट का हवाला देते हुए बताया कि मंगलवार को इराक में एक प्रमुख अमेरिकी राजनयिक सुविधा पर एक ड्रोन ने हमला किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, हमले ने राजनयिक सहायता केंद्र, बगदाद हवाई अड्डे और इराकी सैन्य अड्डों के पास अमेरिकी राजनयिकों के लिए एक लॉजिस्टिक केंद्र को प्रभावित किया. यह स्पष्ट नहीं है कि किसी को कोई चोट आई है या नहीं. पांच अन्य ड्रोनों को रोका गया है.

Mar 11, 2026 07:23 (IST)

US Iran War News Live: ईरान के पुलिस प्रमुख ने कहा- प्रदर्शनकारियों के साथ 'दुश्मन' जैसा व्यवहार किया जाएगा

ईरान के पुलिस प्रमुख अहमद-रजा रदान ने सरकारी टीवी पर ईरानियों को चेतावनी दी है कि जो कोई भी "दुश्मन के अनुरोध पर" सड़कों पर उतरेगा, उसका एक दुश्मन के रूप में सामना किया जाएगा, न कि एक प्रदर्शनकारी के रूप में. हम उनके साथ वही करेंगे जो हम दुश्मनों के साथ करते हैं. हम उनके साथ वैसा ही व्यवहार करेंगे जैसा हम दुश्मनों के साथ करते हैं. हमारे सभी जवानों (पुलिस) की उंगलियां ट्रिगर पर हैं और वे अपनी क्रांति की रक्षा करने, अपने लोगों और अपनी मातृभूमि का समर्थन करने के लिए तैयार हैं.

Featured Video Of The Day
CM Yogi की मां को गाली, डिबेट में डिफेंड करने लगे Anurag Bhadauria फिर जो हुआ... | Teen Ka Tarkash