परिसीमन बिल पर विपक्ष की एकजुटता को बड़ा झटका लगा है. डीएमके और शरद पवार की पार्टी के सरकार के पक्ष में जाने के ऐलान के बाद कांग्रेस अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज चेन्नई जा रहे हैं. दोपहर 2 बजे उनकी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात होगी. इस मुलाकात में खरगे स्टालिन को मनाने की कोशिश करेंगे कि डीएमके परिसीमन बिल पर अपने फैसले पर दोबारा विचार करे. इसके बाद आज रात 8 बजे खरगे एनसीपी एसपी प्रमुख शरद पवार से मिलेंगे. सूत्रों के मुताबिक, इस अहम मुलाकात में सोनिया गांधी भी शामिल हो सकती हैं.दरअसल, डीएमके ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद बिल को समर्थन देने का ऐलान किया था. डीएमके का कहना है कि 1971 की जनगणना और 25 साल के फ्रीज पर सहमति बन गई है, जिससे तमिलनाडु की लोकसभा सीटें बढ़ेंगी. शरद पवार की पार्टी ने भी समर्थन के संकेत दिए हैं.