संसद में परिसीमन से जुड़े बिल पेश होने से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। सरकार को भरोसा है कि इस बार उसके पास संविधान संशोधन के लिए जरूरी समर्थन जुट जाएगा। वहीं विपक्ष की रणनीति और क्षेत्रीय दलों का रुख इस पूरे नंबर गेम को अहम बना रहा है। लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी होगा.
दरअसल, लोकसभा में कल परिसीमन विधेयक पेश होने से पहले सियासत का तापमान चरम पर है. राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद सरकार इसे सदन में लाने की तैयारी पूरी कर चुकी है और दावा कर रही है कि बिल के पक्ष में पर्याप्त संख्या बल मौजूद है. खास बात ये है कि डीएमके, एनसीपी एसपी और वाईएसआरसीपी जैसे दलों के समर्थन के संकेतों ने विपक्ष की रणनीति को और ज्यादा मुश्किल बना दिया है.दूसरी तरफ, विपक्षी इंडिया ब्लॉक की एकजुटता दिखाने के बावजूद आज अहम मंथन करना पड़ रहा है. उधर बीजेपी ने भी अपने सांसदों को एकजुट करने और सदन में रणनीति तय करने के लिए महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. ऐसे में सवाल ये है कि क्या परिसीमन बिल आसानी से पारित हो जाएगा या फिर संसद के भीतर सत्ता और विपक्ष के बीच बड़ा सियासी संग्राम देखने को मिलेगा. आज की बैठकों में इस लड़ाई की रूपरेखा तय हो जाएगी.