मदुरई की पहाड़ी पर आखिर जला कार्तिक दीपम, आदेश की अनदेखी पर अदालत सख्त, मंदिर ट्रस्टी बोर्ड निलंबित

  • 3:05
  • प्रकाशित: नवम्बर 29, 2026

देर आए दुरुस्त आए... मदुरई की पहाड़ी पर आखिरकार कार्तिक दीपम जल ही गया. लेकिन इस एक दीप को जलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट को सरकार को फटकार लगानी पड़ी, मंदिर के ट्रस्टियों को हटाना पड़ा और सुरक्षा की कमान सीआरपीएफ को सौंपनी पड़ी. सवाल है, एक धार्मिक परंपरा के पालन में इतनी खींचतान क्यों और जब अदालत का आदेश था तो इसका पालन क्यों नहीं किया गया? 

तस्वीर सिर्फ एक दीप जलने की नहीं है, बल्कि अदालत के आदेश और सरकारी अमले के बीच चले टकराव के बाद निकले नतीजे की है. कल शाम 5 बजे मदुरई के तिरुपरम कुंदरम पहाड़ी पर दीपथून यानी दीप स्तंभ पर कार्तिक दीपम प्रज्वलित किया गया. इस बार रस्म अदायगी के लिए सुरक्षा का ऐसा पहरा था कि परिंदा भी पर ना मार सके. सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे और पहाड़ी पर जाने की इजाजत सिर्फ 50 लोगों को मिली. श्रद्धालुओं की आस्था देखिए, दीपक को जलाने के लिए लोग कंधों पर घी का कंटेनर लेकर जा रहे हैं. श्रद्धा ऐसी कि किसी की आंखों से आंसू आ जाए.दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर दीप स्तंभ पर दीप जलाया जाए, लेकिन मंदिर प्रशासन ने परंपरागत स्थान उची पिल्लयार मंदिर के पास ही दीप जलाया. दीपथून अंधेरे में ही रहा. यहीं से शुरू हुई आदेश की अनदेखी और अदालत की अवमानना की लड़ाई. सवाल उठा कि जब सुप्रीम कोर्ट का आदेश था तो फिर उसे लागू क्यों नहीं किया गया.