मध्य प्रदेश के सतना जिले का परसमनिया गढ़ी गोलीकांड इस वक्त सुर्खियों में है. नागौद राजघराने से जुड़े इस हाईप्रोफाइल मामले ने हर किसी को चौंका दिया है. इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नागौद से विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ 'बाबा राजा' ने पुलिस में शिकायत (FIR) दर्ज कराई है. इसके साथ ही उन्होंने NDTV से बातचीत में इस विवाद से जुड़े कई हैरान करने वाले दावे किए हैं.
क्या है परसमनिया गढ़ी का पूरा विवाद?
दरअसल, यह पूरा मामला नागौद राजघराने के रूपेंद्र कुमार (बाबा राजा) और उनकी पत्नी योगिता सिंह के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक कलह से जुड़ा है. इसी आपसी मतभेद को सुलझाने के उद्देश्य से 11 जून 2026 को योगिता सिंह अपने भाइयों और कुछ रिश्तेदारों को साथ लेकर परसमनिया गढ़ी आई थीं. बाबा राजा की बिजनेस पार्टनर सुनीता सिंह ने अपनी 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड फायर कर दिए. गोली लगने से योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं.