Bihar Elections 2025: क्या बिहार बदलाव चाहता है। इस सवाल का उत्तर बिहार के लोग 14 नवंबर को देंगे। उससे पहले सभी दल लोगों के बीच जाकर ये उम्मीद जगाएंगे कि उनको वोट मिलेगा तो बिहार का कितना भला होगा। और बिहार के लोग ये तय करेंगे कि किसके सिर पर ताज सजाना है। लेकिन सत्ता की इस चुनावी लड़ाई में कई बुनियादी मुद्दे हैं, जिनका समाधान बिहार के लोग चाहते हैं। उसमें गरीबी से निजात पाना है। अपने बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा का इंतजाम करना है। बीमार पड़ने पर बेहतर इलाज की व्यवस्था करनी है। अच्छी सडकें चाहिए। बिजली पानी चाहिए। आमदनी के साधन चाहिए। और ऐसी कानून व्यवस्था चाहिए जिसको देखकर अपराधियों की रुह कांप जाए। इन सवालों की चर्चा सभी दल, सभी नेता कर रहे हैं। लोगों की जिंदगी में आमूलचूल बदलाव की बात नीतीश कुमार की सरकार भी कर रही है और वादों का पिटारा विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव भी खोलकर बैठे हैं।