2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए नौकरी की बरसात हो रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे, सरकार ने इसे रोजगार देने की दिशा में बड़ा कदम बताया. 2027 चुनाव में युवा वोटर सियासी दलों के लिए अहम है, इसलिए रोजगार मुद्दा समीकरणों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. आज नोएडा दौरे पर सीएम योगी ने अलग-अलग डिपार्टमेंट में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर, पुलिस सब इंस्पेक्टर, उप निरीक्षक गोपनीय, लेखा और अन्य संवर्ग के 912 अभ्यर्थियों को अपॉइंटमेंट लेटर बांटे. सीएम ने कहा कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में विसंगतियां थीं, युवाओं में निराशा हताशा थी, भाई-भतीजावाद, सिफारिश, लेन-देन, पेपर लीक, पारदर्शिता नहीं थी, परीक्षा कोई और देता था नियुक्ति कोई और पाता था, जो एप्लीकेंट ही नहीं थे उन्हें पत्र बांट दिए गए योग्य बाहर हो गए, लंबी जांचें परिणाम जीरो.