उत्तर प्रदेश की गाजीपुर जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सैदपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित और 25-25 हजार रुपये के इनामी दो अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी सैदपुर में भर्ती कराया गया है. आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं.
गाजीपुर में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर थाना पुलिस को यह सफलता मिली. पुलिस के अनुसार, थाना सैदपुर में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित और 25-25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रासबिहारी और उसका पुत्र हरिन्द्र पुलिस से बचकर फरार चल रहे थे.
पुलिस को मिली थी सूचना
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ शुक्रवार को पियरी बाजार क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दासू वनवासी हत्याकांड के आरोपी सेहमलपुर गांव स्थित निर्माणाधीन फायर सर्विस स्टेशन के पास मौजूद हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
खुद को घिरा देख पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों अभियुक्तों के पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
बदमाशों से मिला ये सामान
घायल अभियुक्तों की पहचान रासबिहारी पुत्र बंझू और हरिन्द्र पुत्र रासबिहारी निवासी मोलनापुर थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है.
सैदपुर के सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए हैं. इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है. आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है.
ये भी पढ़ें- यूपी में एक और हिस्ट्रीशीटर का एनकाउंटर, इस बार सैफई के वांटेड लऊवा को मारी गोली














