Mukh Mantri Sehat Yojana: बीमारी कभी भी और बिना चेतावनी के आ सकती है. ऐसे समय में सबसे बड़ी चिंता इलाज के खर्च की होती है. इसी परेशानी को कम करने के लिए मुख्यमंत्री सेहत योजना (Mukh Mantri Sehat Yojana - MMSY) पंजाब के लोगों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है. इस योजना के तहत हर परिवार को सालाना 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है, जिससे लोग बिना आर्थिक चिंता के समय पर इलाज करा पा रहे हैं. आइए जानते हैं आप इस योजना का लाभ कैसे उठा सकते हैं.
किन लोगों को मिलता है 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज?
इस योजना की खास बात यह है कि इसका लाभ पंजाब के सभी स्थायी निवासियों को मिलता है. इसमें किसी भी तरह की आय सीमा यानी इनकम लिमिट नहीं रखी गई है. यानी सरकारी कर्मचारी, पेंशनर या आम नागरिक- हर कोई इसका फायदा उठा सकता है. हर परिवार को एक हेल्थ कार्ड दिया जाता है, जिसके जरिए इलाज कराया जा सकता है.
योजना के तहत 2,000 से ज्यादा बीमारियों का इलाज कवर किया गया है, जिसमें हार्ट सर्जरी, कैंसर, किडनी की बीमारी, डायबिटीज और जन्म से जुड़ी गंभीर समस्याएं भी शामिल हैं. साथ ही यह योजना सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में लागू है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी तक 800 से ज्यादा अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है. मरीजों को अस्पताल में भर्ती से लेकर सर्जरी और इलाज तक की सुविधा पूरी तरह कैशलेस मिलती है, जिससे उन्हें पैसे की चिंता नहीं करनी पड़ती.
यह भी पढ़ें- Delhi Water Supply: दिल्ली के इन इलाकों में आज नहीं आएगा पानी, कल भी रहेगी किल्लत, जरूरत पड़ने पर करें ये काम
कैसे करें आवेदन?इस योजना में आवेदन करना बहुत आसान है. इसके लिए आपको अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाना होगा. वहां आधार कार्ड और वोटर आईडी जैसे जरूरी दस्तावेज देकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है. रजिस्ट्रेशन के बाद आपको MMSY हेल्थ कार्ड मिल जाता है, जिसे अस्पताल में दिखाकर आप मुफ्त इलाज का लाभ ले सकते हैं.
ऐसे में जरूरत पड़ने पर आप भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं, बस इसके लिए आपके पास MMSY हेल्थ कार्ड होना जरूरी है.














